
सुपरस्टार राम चरण इन दिनों अपनी आने वाली फिल्म ‘पेड्डी’ के प्रमोशन में काफी व्यस्त हैं, लेकिन इस बीच सोशल मीडिया पर फिल्म से ज्यादा चर्चा उनके एक बॉडीगार्ड की हो रही है। इस शख्स का नाम केविन कुंटा है, जिनकी जबरदस्त पर्सनैलिटी और फुर्ती ने हर किसी का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है। हाल ही में फिल्म के प्रमोशन के दौरान एक ऐसा वाकया हुआ, जहां सह-कलाकार जाह्नवी कपूर को भीड़ से सुरक्षित निकालने के लिए केविन जिस तरह आगे आए, उसे देखकर लोग दंग रह गए। उनकी इस सूझबूझ और बिजली जैसी फुर्ती का वीडियो इंटरनेट पर आते ही वायरल हो गया, जिसके बाद से फैंस यह जानने के लिए बेहद उत्सुक हैं कि आखिर राम चरण की सुरक्षा करने वाला यह अनोखा शख्स कौन है।
जब जाह्नवी कपूर की सुरक्षा के लिए ढाल बने केविन
फिल्म ‘पेड्डी’ के हालिया प्रमोशनल इवेंट्स के दौरान फैंस की भारी भीड़ अपनी पसंदीदा अभिनेत्री जाह्नवी कपूर की एक झलक पाने के लिए बेकाबू हो रही थी। तभी भीड़ में से एक शख्स एक्ट्रेस की ओर दौड़कर आया और धक्का दे दिया,ऐसे में सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए राम चरण के बॉडीगार्ड केविन कुंटा तुरंत एक्शन में आ गए। उन्होंने बेहद मुस्तैदी दिखाते हुए शख्स को हाथ में उठाकर बाहर ले गया और फिर दौड़कर जाह्नवी कपूर को चारों तरफ से कवर किया और एक मजबूत ढाल के रूप में दिखे। इस दौरान केविन की फुर्ती और बॉडी लैंग्वेज देखने लायक थी। सोशल मीडिया पर यूजर्स उनके इस रक्षात्मक अंदाज की जमकर तारीफ कर रहे हैं। लोगों का कहना है कि केविन न सिर्फ राम चरण बल्कि उनके साथ मौजूद हर सह-कलाकार की सुरक्षा का पूरा ख्याल रखते हैं।
कौन हैं केविन कुंटा? जानिए उनका बैकग्राउंड
सार्वजनिक कार्यक्रमों में अक्सर ब्लैक सूट पहने और राम चरण के साए की तरह साथ रहने वाले केविन कुंटा का बैकग्राउंड बेहद दिलचस्प है। वे महज 27 साल के हैं और पश्चिम अफ्रीका के एक छोटे से देश गाम्बिया के रहने वाले हैं। केविन सिर्फ एक साधारण बॉडीगार्ड नहीं हैं, बल्कि वे एक प्रोफेशनल मिक्स्ड मार्शल आर्ट्स (MMA) फाइटर भी हैं, जो फिलहाल फ्लोरेंस, इटली में रहते हैं। सोशल मीडिया पर उनके अचानक फेमस होने के बाद फैंस के बीच उनकी निजी जिंदगी को लेकर दिलचस्पी काफी बढ़ गई है। इंस्टाग्राम पर उनके फॉलोअर्स की संख्या तेजी से बढ़कर लगभग 82 हजार के करीब पहुंच चुकी है। भारत से मिल रहे इस अप्रत्याशित प्यार और सम्मान के लिए केविन ने एक पोस्ट के जरिए सभी भारतीय फैंस का शुक्रिया भी अदा किया है।
रिंग में ‘ममा लैमिन ऑफ बर्रा’ के नाम से हैं मशहूर
खेल से जुड़ी वेबसाइट्स और रिपोर्ट्स के अनुसार केविन कुंटा का असली नाम अब्दुल कादिर सोवे है। उनका जन्म साल 1998 में गाम्बिया में हुआ था। गाम्बिया रेसलिंग एसोसिएशन के मुताबिक खेल की दुनिया में उन्हें ‘ममा लैमिन ऑफ बर्रा’ के नाम से जाना जाता है। वे यूरोप के मिडिलवेट डिवीजन में मुकाबला करते हैं और वर्तमान में इटली के फ्लोरेंस शहर से अपनी फाइट्स लड़ते हैं। रिकॉर्ड्स बताते हैं कि उन्होंने अपनी आखिरी प्रोफेशनल फाइट नवंबर 2025 में लड़ी थी। उनके नाम अब तक चार जीत और छह हार दर्ज हैं। रिंग के अंदर अपनी विरोधी को धूल चटाने वाले इस फाइटर की यही फुर्ती और ताकत अब राम चरण की सुरक्षा में साफ दिखाई देती है।
राम चरण ने मजाकिया अंदाज में दिया रिएक्शन
ABP को दिए प्रमोशनल इंटरव्यू में जब राम चरण से उनके बॉडीगार्ड केविन को मिल रही इस जबरदस्त लाइमलाइट के बारे में पूछा गया तो अभिनेता अपनी हंसी नहीं रोक पाए। राम चरण ने मजाकिया लहजे में कहा, ‘आप लोगों ने उसे इतना मशहूर बना दिया है कि अब मैं उसे अकेले बाहर जाने की इजाजत नहीं दे रहा हूं। मुझे डर है कि कोई उसे मेरे बारे में राज उगलवाने के लिए चॉकलेट या बिस्कुट की रिश्वत न दे दे।’ इसी इंटरव्यू में जब वहां मौजूद बोमन ईरानी ने मजाकिया तौर पर इस बात पर संदेह जताया तो राम चरण ने ऑफ-स्क्रीन खड़े केविन की तरफ इशारा करते हुए कहा कि वे पिछले चार सालों से उनके परिवार का हिस्सा हैं। जब भी वे अपने बच्चों और परिवार के साथ बाहर जाते हैं, केविन हमेशा उनके साथ रहते हैं।
लाखों में है रोजाना की सैलरी!
केविन की बढ़ती लोकप्रियता के बीच इंटरनेट पर उनकी फीस को लेकर भी कई तरह की अटकलें लगाई जा रही हैं। कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि राम चरण अपने इस खास इंटरनेशनल बॉडीगार्ड को सुरक्षा के बदले रोजाना 2 से 4 लाख रुपये तक की भारी-भरकम सैलरी देते हैं। हालांकि अभिनेता की टीम या केविन की तरफ से इस आंकड़े को लेकर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है, लेकिन केविन की प्रोफेशनल ट्रेनिंग, भारी कद-काठी और जाह्नवी कपूर को बचाने के दौरान दिखाई गई उनकी बेमिसाल फुर्ती को देखकर लोग यही कह रहे हैं कि सुपरस्टार की सुरक्षा के लिए वे पूरी तरह परफेक्ट हैं।
ये भी पढ़ें: थ्रिल और सस्पेंस से लबालब, 7.7 IMDb रेटिंग, OTT की सबसे भौकाली कॉप-ड्रामा सीरीज, देख सकते हैं बिल्कुल फ्री
Doonited Affiliated: Syndicate News Hunt
This report has been published as part of an auto-generated syndicated wire feed. Except for the headline, the content has not been modified or edited by Doonited
