
भारतीय फिल्म जगत के इतिहास में पहली बार किसी फिल्म फ्रेंचाइजी ने वह मुकाम हासिल किया है जो अब तक एक सपना माना जाता था। ‘धुरंधर’ सीरीज ने अपनी बेमिसाल सफलता के साथ वैश्विक स्तर पर 3000 करोड़ रुपये के कलेक्शन का जादुई आंकड़ा पार कर लिया है। यह न केवल एक व्यावसायिक सफलता है, बल्कि भारतीय सिनेमा की बढ़ती ताकत का प्रमाण भी है। इस सीरीज की दोनों फिल्मों ने तो झंडे गाड़े ही, लेकिन सामूहिक रूप से इनका प्रदर्शन भारतीय फिल्म उद्योग के लिए एक मिसाल बन गया है। ‘बाहुबली’ और ‘पुष्पा’ फ्रेंचाइज को पछाड़ते हुए ये नंबर वन बन गई है।
‘धुरंधर’ की ऐतिहासिक शुरुआत
इस गाथा की शुरुआत 5 दिसंबर 2025 को हुई, जब फिल्म ‘धुरंधर’ ने सिनेमाघरों में दस्तक दी। रिलीज होते ही इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस के पुराने सभी समीकरणों को ध्वस्त कर दिया। भारत में इस फिल्म ने 840 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन और 1000 करोड़ रुपये से अधिक का ग्रॉस कलेक्शन कर खुद को सबसे अधिक कमाई करने वाली हिंदी फिल्म के रूप में स्थापित किया। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी फिल्म का जादू सिर चढ़कर बोला और विदेशी बाजारों से इसने लगभग 300 करोड़ रुपये बटोरे। कुल मिलाकर पहली फिल्म का वर्ल्डवाइड ग्रॉस कलेक्शन 1307.35 करोड़ रुपये रहा, जिसने इसे सबसे बड़ा कलेक्शन करने वाली फिल्मों की सूची में शामिल कर दिया।
सफलता का नया शिखर
पहली फिल्म की सफलता के मात्र चार महीने बाद इसके दूसरे भाग ‘धुरंधर 2: द रिवेंज’ ने बड़े पर्दे पर वापसी की। रणवीर सिंह के दमदार अभिनय और बड़े पैमाने पर किए गए निर्माण ने इस फ्रेंचाइजी को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया। फिल्म ने न केवल अपने पहले भाग की लोकप्रियता को भुनाया, बल्कि नए प्रशंसकों को भी जोड़ा। ‘धुरंधर 2’ ने भारत में किसी भी एक भाषा की फिल्म के लिए रिकॉर्ड बनाते हुए 1000 करोड़ रुपये के नेट आंकड़े को पार किया। घरेलू बाजार में इसका नेट कलेक्शन 1083.65 करोड़ रुपये रहा, जबकि वैश्विक स्तर पर फिल्म ने 1712 करोड़ रुपये की जबरदस्त कमाई की।
बॉक्स ऑफिस आंकड़ों का विस्तृत विश्लेषण
13 अप्रैल 2026 तक के आंकड़ों के अनुसार इस डुओलॉजी का प्रदर्शन हैरान करने वाला रहा है:
- धुरंधर (भाग 1): भारत नेट – ₹840.20 करोड़, भारत ग्रॉस – ₹1007.85 करोड़, ओवरसीज – ₹299.50 करोड़, कुल – ₹1307.35 करोड़।
- धुरंधर 2 (भाग 2): भारत नेट – ₹1083.65 करोड़, भारत ग्रॉस – ₹1297.50 करोड़, ओवरसीज – ₹414.50 करोड़, कुल – ₹1712.00 करोड़।
- कुल योग: इस सीरीज का कुल भारत नेट ₹1923.85 करोड़, भारत ग्रॉस ₹2305.35 करोड़ और ओवरसीज कलेक्शन ₹714 करोड़ रहा है। इस प्रकार कुल वैश्विक कमाई ₹3019.35 करोड़ तक पहुंच गई है।
बाहुबली और पुष्पा से तुलना
यदि हम ‘धुरंधर’ की तुलना भारत की अन्य दिग्गज फिल्म सीरीज से करें तो ये सभी से काफी आगे है। प्रसिद्ध ‘बाहुबली’ सीरीज की कुल कमाई लगभग ₹2438 करोड़ रही थी, वहीं ‘पुष्पा’ सीरीज ने ₹2092.20 करोड़ का कारोबार किया।
ये भी पढ़ें: अंदर तक झकझोर देगी 7.3 IMDb रेटिंग वाली फिल्म, कुर्सी से नहीं होने देगी टस से मस, थिएटर के बाद अब OTT पर दस्तक
Doonited Affiliated: Syndicate News Hunt
This report has been published as part of an auto-generated syndicated wire feed. Except for the headline, the content has not been modified or edited by Doonited






