
ओटीटी की दुनिया में अपनी बेहतरीन कहानियों के लिए मशहूर प्राइम वीडियो ने एक बार फिर दर्शकों के लिए कुछ नया और धमाकेदार पेश करने की तैयारी कर ली है। मंच ने अपनी बहुप्रतीक्षित प्राइम ओरिजिनल सीरीज ‘लुक्खे’ के वैश्विक प्रीमियर की तारीख की घोषणा कर दी है। यह सीरीज आगामी 8 मई को दुनिया भर के 240 से अधिक देशों और क्षेत्रों में विशेष रूप से हिंदी में स्ट्रीम की जाएगी। हिमांक गौर के निर्देशन में बनी यह सीरीज़ पंजाब की पृष्ठभूमि पर आधारित एक काल्पनिक ‘म्यूजिकल एक्शन ड्रामा’ है, जो अपनी रफ्तार और भावनाओं के तालमेल से दर्शकों को रोमांचित करने का वादा करती है।
चंडीगढ़ की धड़कन और रैप कल्चर का संगम
‘लुक्खे’ की कहानी चंडीगढ़ की गलियों और वहां की धड़कती रूह पर आधारित है, जहां संगीत, महत्वाकांक्षा और अपराध का एक खतरनाक मेल देखने को मिलता है। इस आठ एपिसोड की सीरीज़ के केंद्र में बदले और मुक्ति की एक ऐसी दास्तान है, जो कला और निजी दुश्मनी के बीच की सीमाओं को धुंधला कर देती है। कहानी मुख्य रूप से दो प्रतिद्वंद्वी रैपर्स एमसी बदनाम और ओजी के बीच की गहरी रंजिश को दर्शाती है। सीरीज़ का मूल विचार “रैप और बदला, दोनों लाउड हैं” इसकी तीव्रता को बखूबी बयां करता है। इसमें दर्शकों को ज़बरदस्त एक्शन, गोलियों की बौछार और जोशीली म्यूज़िकल एनर्जी का एक अनूठा संगम देखने को मिलेगा।
किंग और पलक तिवारी का ओटीटी डेब्यू
इस सीरीज की सबसे बड़ी चर्चा इसकी शानदार स्टार कास्ट है। मशहूर भारतीय रैपर, गीतकार और गायक किंग इस सीरीज़ के जरिए अपने अभिनय करियर की शुरुआत कर रहे हैं, जहां वह ‘एमसी बदनाम’ के मुख्य किरदार में नजर आएंगे। उनके साथ साउथ और बॉलीवुड की जानी-मानी अभिनेत्री राशी खन्ना मुख्य भूमिका में हैं। वहीं मशहूर अभिनेत्री श्वेता तिवारी की बेटी पलक तिवारी भी इस सीरीज़ के जरिए अपना स्ट्रीमिंग डेब्यू करने जा रही हैं। इसके अलावा लक्षवीर सिंह सरन, शिवांकित परिहार, नकुल रोशन सहदेव और योगराज सिंह जैसे मंझे हुए कलाकार भी अहम किरदारों में नज़र आएंगे।
निर्माण और विजन
सीरीज़ का निर्माण विपुल डी. शाह और राजेश बहल ने ‘ऑप्टिमिस्टिक्स एंटरटेनमेंट’ और ‘व्हाइट गुरिल्ला LLP’ के बैनर तले किया है। इसे अग्रिम जोशी और देबोजीत दास पुरकायस्थ ने क्रिएट और एग्जीक्यूटिव प्रोड्यूस किया है। प्राइम वीडियो इंडिया के हेड ऑफ ओरिजिनल्स, निखिल माधोक ने सीरीज के बारे में कहा कि ‘लुक्खे’ एक्शन और संगीत को साथ लाकर एक बिल्कुल अलग दुनिया रचती है। क्रिएटर्स अग्रिम और देबोजीत के अनुसार, यह प्रोजेक्ट उनके लिए एक जुनून की तरह रहा है, जिसका उद्देश्य पारंपरिक एक्शन ड्रामा की सीमाओं को पार कर दर्शकों को एक नया अनुभव देना है। 8 मई को ये स्ट्रीम होगी।
ये भी पढ़ें: ‘तू साथ है तो दिन रात है’, आलिया ने रणबीर पर लुटाया प्यार, वादियों में गुजारे खुशनुमा पल, बयां की रोमांटिक फीलिंग
Doonited Affiliated: Syndicate News Hunt
This report has been published as part of an auto-generated syndicated wire feed. Except for the headline, the content has not been modified or edited by Doonited






