
बॉलीवुड अभिनेता रणबीर कपूर इन दिनों नितेश तिवारी की मेगा बजट फिल्म ‘रामायण’ को लेकर चर्चा में हैं, जिसमें वह लीड रोल में नजर आने वाले हैं। इस फिल्म में रणबीर प्रभु श्रीराम की भूमिका निभाते दिखाई देंगे, जिसके चलते उनके फैंस खासे उत्साहित हैं। ‘रामायण’ से रणबीर कपूर का फर्स्ट लुक भी सामने आ चुका है। इस बीच रणबीर कपूर का सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें वह आदित्य रॉय कपूर के साथ नजर आ रहे हैं। इस वीडियो के सामने आते ही ‘ये जवानी है दीवानी 2’ के चर्चे तेज हो गए हैं। सोशल मीडिया यूजर्स ने जैसे ही दोनों स्टार्स को साथ देखा, सवाल करना शूरू कर दिया कि क्या ये जवानी है दीवानी का सीक्वल आने वाला है?
रणबीर कपूर और आदित्य रॉय कपूर की मुलाकात से ‘ये जवानी है दीवानी’ की यादें ताजा हो गईं
वायरल वीडियो में रणबीर कपूर और आदित्य रॉय कपूर मुंबई में आयोजित एक इवेंट में पहुंचते और फैंस का अभिवादन करते नजर आ रहे हैं। रणबीर कपूर ने हल्के नीले रंग की फुल स्लीव ब्लू शर्ट पहनी थी और इसे ब्लैक कलर की पैंट और स्टाइलिश सनग्लासेस के साथ पेयर किया था। वहीं आदित्य काले रंग के कपड़ों में नजर आए। वीडियो जैसे ही शेयर किया गया, इसने फैंस का ध्यान अपनी तरफ खींच लिया।
वीडियो पर यूजर्स के रिएक्शन
वीडियो पर एक यूजर ने कमेंट किया, “इन्हें साथ देखकर बहुत खुशी हुई।” दूसरे ने पूछा, “ये जवानी है दीवानी 2 बन रही है क्या?” एक कमेंट में लिखा था, “ओह माय गॉड, प्लीज ये जवानी है दीवानी पार्ट 2 बनाइए।” यह वीडियो पैपराजी अकाउंट विरल भयानी ने शेयर किया था, जिसने रणबीर और आदित्य रॉय कपूर के फैंस की उत्सुकता बढ़ा दी है। बता दें, 2013 में रिलीज हुई ‘ये जवानी है दीवानी’ में रणबीर कपूर ने कबीर उर्फ बन्नी और आदित्य रॉय कपूर ने अविनाश का किरदार निभाया था। अयान मुखर्जी द्वारा निर्देशित इस फिल्म में इन दोनों के साथ दीपिका पादुकोण और कल्कि कोचलिन भी मुख्य भूमिका में नजर आई थीं।
रणबीर कपूर और आदित्य राय कपूर के हालिया प्रोजेक्ट
वर्क फ्रंट की बात करें तो रणबीर कपूर बहुप्रतीक्षित पौराणिक महाकाव्य रामायण में भगवान राम की भूमिका निभाते नजर आएंगे। यह फिल्म दिवाली 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है, जबकि इसका दूसरा भाग दिवाली 2027 को रिलीज होने की उम्मीद है। नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी इस फिल्म में साई पल्लवी सीता, यश रावण और सनी देओल हनुमान की भूमिका में हैं। वहीं, आदित्य राय कपूर को आखिरी बार अनुराग बसु की फिल्म ‘मेट्रो इन दिनो’ में देखा गया था, जिसमें अनुपम खेर, सारा अली खान, नीना गुप्ता, अली फजल, फातिमा सना शेख, पंकज त्रिपाठी और कोंकणा सेन शर्मा जैसे कलाकार भी मुख्य भूमिका में थे।
Doonited Affiliated: Syndicate News Hunt
This report has been published as part of an auto-generated syndicated wire feed. Except for the headline, the content has not been modified or edited by Doonited






