
संजय लीला भंसाली द्वारा निर्देशित फिल्म ‘गंगूबाई काठियावाड़ी’ में आलिया भट्ट के साथ अपने अभिनय का जादू बिखेरने वाले शांतनु माहेश्वरी एक बार फिर चर्चा में हैं। गंगूबाई काठियावाड़ी में शांतनु छोटी सी लेकिन अहम भूमिका में नजर आए थे और दर्शकों को अपने अभिनय से इंप्रेस करने में भी सफल रहे। गंगूबाई काठियावाड़ी के बाद शांतनु माहेश्वरी ने नीरज पांडे की फिल्म ‘औरों में कहां दम था’ में भी काम किया। इस फिल्म में उन्होंने युवा अजय देवगन की भूमिका निभाई। लेकिन, इतने बड़े फिल्ममेकर्स और स्टार्स के साथ के साथ काम करने के बाद भी फिल्म इंडस्ट्री में उनके लिए राहें आसान नहीं हैं। हाल ही में खुद शांतनु माहेश्वरी ने अपने करियर और संजय लीला भंसाली-नीरज पांडे जैसे फिल्ममेकर्स के साथ काम करने पर बात की और बताया कि इन बड़े फिल्ममेकर्स के साथ काम करने के बाद उनकी जिंदगी में क्या बदलाव आए हैं।
संजय लीला भंसाली के साथ काम करने के बाद भी कम नहीं हुईं मुश्किलें
शांतनु माहेश्वरी ने हाल ही में न्यूज18 शोशा के साथ बातचीत में संजय लीला भंसाली और नीरज पांडे के साथ काम करने के बाद के अपने करियर के बारे में खुलकर बात की। शांतनु से जैसे ही पूछा गया कि क्या इतने बड़े फिल्म निर्मातओं के साथ काम करने के बाद उनकी जिंदगी कुछ आसान हुई है? जवाब में एक्टर ने कहा- ‘नहीं, ये तो आपने अलग नस को छू दिया। मुझे क्या कहना चाहिए इस पर? ये आसान नहीं है, ये बिलकुल भी आसान नहीं है। खासतौर पर जब आप इंडस्ट्री के कुछ सर्वश्रेष्ठों में से कुछ के साथ काम कर लेते हैं, तब ये और मुश्किल हो जाता है।’
अच्छे-बुरे खाने में फर्क समझ आ गया- शांतनु
शांतनु अपनी बात को जारी रखते हुए कहते हैं- ‘देखिए, अगर आपने अच्छा खाना खा लिया है तो आपको बुरे खाने की परख हो जाती है। इस प्रोसेस में, आपको पता चलता है कि ये अच्छा नहीं है। और मेरे साथ ऐसा कई बार हुआ भी है। लेकिन, मैंने इसे सकारात्मक रूप से लेने की कोशिश की, कम से कम मुझे अच्छा काम करना तो आता है। मेरे लिए चीजें अब भी मुश्किल हैं, लेकिन कोई बात नहीं। मैं स्ट्रगल करने के लिए तैयार हूं और मैं कठिन परिश्रम के लिए भी तैयार हूं। मैं अपनी स्किल्स को पॉलिश करता रहूंगा और मुझे लगता है कि भगवान मेरे साथ दयालु होंगे। वह रहे भी हैं और उम्मीद है कि आगे भी रहेंगे।’
कैंपस बीट्स में शांतनु माहेश्वरी
वर्क फ्रंट की बात करें तो शांतनु माहेश्वरी इन दिनों यूथ ड्रिवेन शो ‘कैंपस बीट्स’ के छठें सीजन में नजर आ रहे हैं। ये शो 29 अप्रैल, 2026 को अमेजन एमएक्स प्लेयर पर स्ट्रीम हुआ था और दर्शकों से इसे जबरदस्त रिस्पॉन्स मिला था। शो में शांतनु इशान की भूमिका निभा रहे हैं, जिस पर बात करते हुए उन्होंने कहा- ‘इस पर बहुत कुछ लिखा जा चुका है कि मैं क्या करूं और क्या नहीं। मगर मेरे लिए लिए ये अपने कैरेक्टर और यात्रा पर कायम रहना था और ये सोचकर विचलित नहीं होना था कि ‘अरे यार उसको ये सीन अच्छा मिल रहा है।’ मैं उन लोगों पर फोकस करना चाहता हूं, जो इशान की जर्नी को फॉलो कर रहे हैं।’
ये भी पढ़ेंः श्मशान घाट में मिली महिला को घर लाया एक्टर, मां बनाकर दिन-रात की सेवा, फिर उसी की कही बात से फिर गए दिन
2009 में शादी और 2 बच्चे, 15 साल बाद क्यों भीषण जंग में बदली रवि मोहन की शादी? अब नहीं थम रहे आंसू
Doonited Affiliated: Syndicate News Hunt
This report has been published as part of an auto-generated syndicated wire feed. Except for the headline, the content has not been modified or edited by Doonited






