
फिल्म इंडस्ट्री में ऐसे कई कलाकार आते हैं जो अपनी पहली ही फिल्म से रातों-रात सुपरस्टार बन जाते हैं, लेकिन बॉलीवुड की इस चकाचौंध भरी दुनिया में सफलता को बनाए रखना हर किसी के बस की बात नहीं होती। कुछ अभिनेता एक धमाकेदार शुरुआत के बाद भी धीरे-धीरे रेस में पीछे छूट जाते हैं और गुमनामी के अंधेरे में खो जाते हैं। 90 का दशक भारतीय सिनेमा के लिए एक बड़ा बदलाव का दौर था। उस समय शाहरुख खान, आमिर खान और अक्षय कुमार जैसे युवा कलाकार फिल्म इंडस्ट्री में अपने पैर जमाने और बेहतरीन फिल्मों को हासिल करने के लिए कड़ा संघर्ष कर रहे थे। इसी दौर में एक ऐसा नया चेहरा सामने आया जिसने अपनी पहली ही फिल्म से बॉक्स ऑफिस पर तहलका मचा दिया था, लेकिन किस्मत ने ऐसा करवट बदला कि कुछ ही सालों में उनका पूरा करियर बर्बाद हो गया।
‘दिल का क्या कसूर’ से मिली रातों-रात कामयाबी
हम बात कर रहे हैं अभिनेता पृथ्वी वजीर की, जिन्हें सिनेमा जगत में केवल ‘पृथ्वी’ के नाम से जाना जाता है। पृथ्वी ने साल 1992 में आई फिल्म ‘दिल का क्या कसूर’ से बॉलीवुड में कदम रखा था। इस फिल्म में उनके अपोजिट उस दौर की बेहद लोकप्रिय और खूबसूरत अभिनेत्री दिव्या भारती थीं। यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर ब्लॉकबस्टर साबित हुई और इसने पृथ्वी को रातों-रात एक बड़ा स्टार बना दिया। फिल्म में दिव्या भारती और पृथ्वी की ऑन-स्क्रीन केमिस्ट्री को दर्शकों ने बेहद पसंद किया। इसके साथ ही नदीम-श्रवण की जोड़ी द्वारा तैयार किए गए इस फिल्म के गानों ने उस दौर में संगीत की दुनिया में धूम मचा दी थी। पृथ्वी की इस जबरदस्त सफलता को देखकर मीडिया ने उन्हें बॉलीवुड का अगला राजेश खन्ना तक घोषित कर दिया था।
जब शाहरुख और अक्षय कुमार को दी कड़ी टक्कर
यह वो दौर था जब शाहरुख खान और अक्षय कुमार जैसे आज के सुपरस्टार्स इंडस्ट्री में अपनी सही पहचान ढूंढने की कोशिश कर रहे थे। उस समय पृथ्वी को हिंदी सिनेमा में एक रोमांटिक हीरो के तौर पर सबसे उभरता और भरोसेमंद चेहरा माना जा रहा था। उनकी तुलना बड़े-बड़े कलाकारों से होने लगी थी और ऐसा लग रहा था कि वे आने वाले समय में बॉलीवुड पर राज करेंगे। लेकिन करियर के इस सबसे सुनहरे और शुरुआती दौर में उनसे एक ऐसी बड़ी गलती हो गई, जिसने उनके पूरे भविष्य को अंधकार में डाल दिया।
एक गलत कॉन्ट्रैक्ट ने बर्बाद कर दिया करियर
अपने करियर के सबसे बेहतरीन समय में एक फिल्म कंपनी के साथ कॉन्ट्रैक्ट साइन करना पृथ्वी के जीवन की सबसे बड़ी भूल साबित हुई। साल 2021 में दिए एक इंटरव्यू में पृथ्वी ने इस दर्दनाक दौर का खुलासा करते हुए बताया था, ‘मैं एक ऐसे कानूनी कॉन्ट्रैक्ट में फंस गया था, जिससे बाहर निकलना मेरे लिए लगभग नामुमकिन हो गया था। उस कॉन्ट्रैक्ट ने मेरे करियर के सबसे महत्वपूर्ण और पीक टाइम को पूरी तरह से बांध दिया। मैं अपनी मर्जी से फिल्में नहीं कर पा रहा था। मैं इंडस्ट्री से गायब नहीं होना चाहता था और अपने फैंस के दिलों में हमेशा जिंदा था, लेकिन इस कानूनी अड़चन के कारण मेरे हाथ से कई बेहतरीन फिल्में निकल गईं।’ इस कॉन्ट्रैक्ट के खत्म होने के बाद उन्हें मुख्य भूमिकाएं मिलना बंद हो गईं और वे सिर्फ साइड रोल या सपोर्टिंग किरदारों तक सीमित रह गए। आखिरकार उन्होंने अभिनय से एक लंबी दूरी बना ली।
अब कहां और किस हाल में हैं पृथ्वी वजीर?
लंबे समय तक लाइमलाइट से दूर रहने के बाद हाल ही में पृथ्वी वजीर एक बार फिर सोशल मीडिया पर नजर आए हैं। उन्होंने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक कंटेंट क्रिएटर डॉ. वनिता घाडगे देसाई के साथ एक नया रील वीडियो साझा किया है, जिसमें वे अपनी ही सुपरहिट फिल्म के गाने ‘मिलने की तुम कोशिश करना’ को रीक्रिएट करते दिख रहे हैं। वीडियो के कैप्शन में उन्होंने लिखा, ‘कृपया कोई भी नकारात्मक कमेंट न करें। यह वीडियो सिर्फ आपके मनोरंजन के लिए बनाया गया है, अगर पसंद न आए तो आगे बढ़ जाएं।’
आखिरी बार धाक में आए नजर
अगर उनके काम की बात करें तो उन्हें आखिरी बार साल 2024 में आई फिल्म ‘धाक’ में एक छोटे से कैमियो रोल में देखा गया था। निजी जीवन में पृथ्वी ने सपना वजीर (लुबना वजीर) से शादी की है और वे कभी-कभार अपनी पत्नी के साथ कुछ चुनिंदा फिल्मी कार्यक्रमों या पार्टियों में ही दिखाई देते हैं। आज वे फिल्म इंडस्ट्री की चकाचौंध से दूर एक शांत और गुमनाम जिंदगी बिता रहे हैं।
ये भी पढ़ें: जब राज कपूर को मिला फिल्मों का सबसे बड़ा अवॉर्ड, ऑक्सीजन मास्क लगाए व्हीलचेयर पर पहुंचे एक्टर, एक महीने बाद हुई मौत
Doonited Affiliated: Syndicate News Hunt
This report has been published as part of an auto-generated syndicated wire feed. Except for the headline, the content has not been modified or edited by Doonited
