
ओटीटी की दुनिया में तहलका मचाने के बाद अब ‘मिर्जापुर’ बड़े पर्दे पर गर्दा उड़ाने के लिए तैयार है। 25 जून को फिल्म का पहला टीजर रिलीज होते ही इंटरनेट पर छा गया। कालीन भैया का रूतबा, गुड्डू पंडित का गुस्सा और हर दिल अजीज मुन्ना भैया की थिएटर्स में वापसी ने फैन्स को झूमने पर मजबूर कर दिया है, लेकिन इस जबरदस्त टीजर के बीच सोशल मीडिया पर एक ऐसी चीज़ नोटिस की गई, जिसने हर किसी को चौंका दिया है। फिल्म में एक बहुत बड़ा कास्टिंग चेंज हुआ है, जिसे लेकर फैन्स के बीच लगातार चर्चा चल रही है।
विक्रांत मैसी की जगह जितेंद्र कुमार की एंट्री
सीरीज के पहले सीजन में गुड्डू पंडित के शांत और दिमाग से चलने वाले छोटे भाई ‘बबलू पंडित’ का किरदार विक्रांत मैसी ने निभाया था, जिसे दर्शकों ने खूब पसंद किया था, लेकिन ‘मिर्जापुर: द मूवी’ में इस आइकॉनिक रोल में एक नया चेहरा देखने को मिल रहा है। ‘पंचायत’ के सचिव जी और फैन्स के चहेते ‘जीतू भैया’ यानी जितेंद्र कुमार अब बड़े पर्दे पर बबलू पंडित के रूप में नजर आएंगे। टीजर में उनकी इस सरप्राइज एंट्री ने पूरी लाइमलाइट बटोर ली है।
कास्टिंग चेंज पर कैसा है जनता का रिएक्शन?
इस बड़े बदलाव को लेकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (ट्विटर) पर फैन्स दो गुटों में बंट गए हैं। कई लोग जितेंद्र कुमार की एक्टिंग के कायल हैं और उन्हें इस नए और इंटेंस रोल में देखने के लिए एक्साइटेड हैं। वहीं विक्रांत मैसी के पुराने फैन्स इस फैसले से थोड़े मायूस भी दिखे।
एक यूजर ने अपनी प्रतिक्रिया देते हुए लिखा, ‘मिर्जापुर द मूवी के टीजर में विक्रांत मैसी की कमी बहुत खल रही है! जितेंद्र कुमार बेशक एक बेहतरीन एक्टर हैं और उन्होंने कई कमाल के रोल किए हैं, लेकिन बबलू पंडित के किरदार के साथ उनकी इमेज मैच नहीं हो पा रही है।’
वहीं एक अन्य फैन ने कमेंट किया, ‘टीजर वाकई बेहद शानदार और बवाल है, लेकिन हम सबने विक्रांत मैसी को मिस किया।’
एक और शख्स ने लिखा, ‘मिर्जापुर द मूवी का ट्रेलर शानदार लग रहा है और जीतू भैया और रवि किशन भी, ये सीरीज एपिक होगी।’
एक यूजर ने लिखा, ‘बबलू पंडित के रोल में विक्रांत मैसी का काम जबरदस्त था, उन्होंने मासूमियत और समझदारी को बखूबी निभाया। जितेंद्र कुमार भी एक बेहतरीन एक्टर हैं, उम्मीद है कि वे विक्रांत जैसी ही एनर्जी दिखाएंगे।’
नए चेहरों के साथ सजेगी मिर्जापुर की महफिल
4 सितंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही इस फिल्म में पुरानी ओजी (OG) कास्ट के साथ-साथ कई नए एक्टर्स की एंट्री हुई है। पंकज त्रिपाठी, अली फजल, दिव्येंदु, श्वेता त्रिपाठी, राजेश तैलंग और शीबा चड्ढा जैसे पुराने दिग्गजों के अलावा इस बार फिल्म में जितेंद्र कुमार, भोजपुरी सुपरस्टार रवि किशन, सुशांत सिंह और सोनल चौहान जैसे सितारे भी अपना जलवा बिखेरते नजर आएंगे। मेकर्स ने टीजर से ठीक एक दिन पहले यानी 24 जून को सभी किरदारों के फर्स्ट-लुक पोस्टर्स भी शेयर किए थे, जिसने फिल्म को लेकर हाइप दोगुनी कर दी थी। अब देखना यह है कि ‘जीतू भैया’ का यह नया गैंगस्टर अवतार थिएटर्स में दर्शकों का दिल कितना जीत पाता है।
Doonited Affiliated: Syndicate News Hunt
This report has been published as part of an auto-generated syndicated wire feed. Except for the headline, the content has not been modified or edited by Doonited
