
भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री के दो बड़े नाम अंजना सिंह और खेसारी लाल यादव इन दिनों एक भीषण जुबानी जंग में आमने-सामने हैं। पॉडकास्ट से शुरू हुआ यह विवाद अब इंस्टाग्राम लाइव और तीखे सोशल मीडिया पोस्ट तक पहुंच चुका है। हालांकि इस तनाव को कम करने के लिए खेसारी लाल की टीम ने विवाद से जुड़े अपने कुछ वीडियो इंटरनेट से हटा दिए हैं, लेकिन अभिनेत्री अंजना सिंह का गुस्सा शांत होने का नाम नहीं ले रहा है। उन्होंने लगातार नए पोस्ट साझा कर अपने विरोधियों को खुली चुनौती देना जारी रखा है।
इंस्टाग्राम लाइव पर चप्पल दिखाकर दी चेतावनी
अंजना सिंह का एक इंस्टाग्राम लाइव वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वह खेसारी के समर्थकों और उनकी टीम पर जमकर बरसती नजर आ रही हैं। अंजना ने सीधे तौर पर खेसारी को सामने आकर बात करने की चुनौती दी और बेहद आक्रामक लहजे में कहा कि वह किसी से डरने वाली नहीं हैं। उन्होंने कैमरे के सामने चप्पल दिखाते हुए विरोधियों को सुधर जाने की चेतावनी दी। यही नहीं, उन्होंने खेसारी के फैंस और सपोर्टर्स को ‘स्टार आर्मी’ के बजाय ‘मौगा आर्मी’ कहकर संबोधित किया।
लखनऊ बुलाने की धमकी और निजी जिंदगी पर गंभीर आरोप
अंजना सिंह का आरोप है कि उन्हें लगातार सोशल मीडिया पर अपशब्द कहे जा रहे हैं और लखनऊ बुलाकर अंजाम भुगतने की धमकियां दी जा रही हैं। इस पर पलटवार करते हुए उन्होंने खेसारी की टीम के राइटर अखिलेश कश्यप का नाम लिया और कहा कि जो बातें वो छिपाने की कोशिश कर रहे हैं, वो सब पहले से ही जगजाहिर हैं। इसी लाइव के दौरान अंजना ने खेसारी लाल यादव की निजी जिंदगी को लेकर एक बेहद चौंकाने वाला दावा किया। उन्होंने कहा कि संघर्ष के दिनों में मुंबई के बांगुर नगर स्थित एक दफ्तर में खेसारी की पत्नी ने उन्हें एक सह-अभिनेत्री के साथ रंगे हाथों पकड़ लिया था। हालांकि अंजना के इन निजी दावों की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है और न ही खेसारी लाल की तरफ से इस पर कोई प्रतिक्रिया आई है।
एक पुराने इंटरव्यू से भड़की थी विवाद की चिंगारी
इस पूरे टकराव की शुरुआत तब हुई जब एक पॉडकास्ट के दौरान अंजना सिंह से खेसारी लाल यादव के कास्टिंग काउच वाले पुराने बयान पर राय मांगी गई। अंजना ने टिप्पणी करते हुए कह दिया कि खेसारी कुछ भी बोलते रहते हैं और उनकी बातों का कोई खास महत्व नहीं होता। इस बयान के बाद खेसारी के फैंस भड़क गए और उन्होंने अंजना को सोशल मीडिया पर निशाना बनाना शुरू कर दिया। अंजना का आरोप है कि बात इतनी बढ़ गई कि लोगों ने उनकी बेटी को लेकर भी बेहद आपत्तिजनक मैसेज और धमकियां भेजीं, जिसके बाद उन्हें लाइव आकर जवाब देना पड़ा। इस पूरे विवाद में खेसारी लाल यादव ने सीधे तौर पर अंजना का नाम तो नहीं लिया, लेकिन अपने लाइव में फैंस का साथ देने के लिए शुक्रिया अदा किया, जिसे अंजना पर एक परोक्ष पलटवार माना गया।
वीडियो डिलीट होने पर भी कम नहीं हुआ अंजना का गुस्सा
मामले की गंभीरता और बढ़ते विवाद को देखते हुए खेसारी की टीम ने सोशल मीडिया से अपने वीडियो हटा लिए हैं, ताकि स्थिति शांत हो सके। इसके बावजूद अंजना पीछे हटने को तैयार नहीं हैं। उन्होंने इंस्टाग्राम पर नए पोस्ट साझा कर पूछा कि वीडियो क्यों डिलीट किए गए। उन्होंने अपनी बेटी को अपनी ताकत बताते हुए लिखा कि एक मां किसी भी धमकी से नहीं डरती।
‘कंट्रोवर्सी स्टार’ और ‘मूसरी लाल’ कहकर कसा तंज
अंजना सिंह ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट्स पर बिना नाम लिए खेसारी पर तीखे तंज कसे हैं। उन्होंने अपने एक पोस्ट में लिखा कि शायद किसी ‘कंट्रोवर्सी स्टार’ का नया गाना आने वाला है, इसलिए पब्लिसिटी और हाइप बटोरने के लिए यह सब नाटक किया जा रहा है। इसके बाद उन्होंने एक और लंबा पोस्ट साझा किया, जिसमें उन्होंने सामने वाले को ‘अनपढ़ स्टार मूसरी लाल’ कहा। अंजना ने दावा किया कि अब इस स्टार के गाने बड़े चैनल्स नहीं खरीद रहे हैं और कई फिल्में डिब्बे में बंद पड़ी हैं, जिनका कोई खरीदार नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि यूट्यूब पर व्यूज बढ़ाने के लिए म्यूजिक कंपनियों पर दबाव बनाया जाता है और मार्केट में टिके रहने के लिए नकली विवाद खड़े किए जा रहे हैं। इस विवाद के चलते पूरी भोजपुरी इंडस्ट्री भी दो गुटों में बंटी नजर आ रही है।
Doonited Affiliated: Syndicate News Hunt
This report has been published as part of an auto-generated syndicated wire feed. Except for the headline, the content has not been modified or edited by Doonited
