
राजन शाही का रुपाली गांगुली स्टारर टीवी शो ‘अनुपमा‘ अक्सर चर्चा में बना रहता है। इस शो में अब तक कई नए किरदारों की एंट्री हो चुकी है और कई पुराने कलाकार शो को छोड़ चुके हैं। लेकिन, कुछ कलाकार हैं जो शो से शुरुआत से ही जुड़े हैं और अभी भी शो में अपनी जगह बनाए हुए हैं। इनमें अल्पना बुच का नाम भी शामिल है। अल्पना बुच भी ‘अनुपमा’ के साथ इस शो की शुरुआत से ही जुड़ी हुई हैं। इस शो में अल्पना बुच ‘लीला बा’ की अहम भूमिका निभा रही हैं और इस शो की बदौलत ही अल्पना ने अपना एक सालों पुराना सपना भी पूरा कर लिया है। ये सपना था प्रकृति के बीच अपना आशियाना बनाने का, जो ‘अनुपमा’ के चलते पूरा हो सका।
प्रकृति के बीच अल्पना बुच का आशियाना
‘पिंकविला’ के साथ बातचीत में अल्पना बुच ने बताया कि उन्होंने मुंबई के बाहरी इलाके शाहपुर में अपने सपनों का आशियाना बनाया है, जो चारों तरफ से प्रकृति से घिरा है। अभिनेत्री ने अपने इस घर का नाम भी ‘लीला विला’ रखा है, जो ‘अनुपमा’ में उनके उस किरदार को समर्पित है, जिसकी बदौलत वह अपना ये घर बनाने का सपना पूरा कर सकीं। अभिनेत्री ने बताया कि उन्होंने ये घर ‘अनुपमा’ की अपनी फीस से बनाया है। सोशल मीडिया पर भी अल्पना बुच अपने इस हॉलिडे होम की झलक साझा कर चुकी हैं।
लॉकडाउन में आया था घर बनाने का ख्याल
अल्पना बुच ने बताया कि उन्हें ये घर बनाने का ख्याल लॉकडाउन के दौरान आया था। दिग्गज अभिनेत्री के अनुसार, लॉकडाउन के दौरान उनका परिवार मुंबई में एक फ्लैट में बंद रहा, इसी दौरान उन्हें एहसास हुआ कि उन्हें एक ऐसी जगह की जरूरत है, जहां उनके दिल में भी लॉकडाउन का ख्याल न आए। तभी उन्होंने प्रकृति के बीच एक नया घर बनाने का प्लान किया। लेकिन, मुंबई में घर बहुत महंगे हैं, ऐसे में वहां अपनी पसंद का घर ले पाना बेहद मुश्किल है। इसलिए उन्होंने मुंबई से बाहर घर लेने का फैसला किया। अल्पना बुच के घर के चारों ओर हरियाली है और घर के एंट्रेंस पर साईं बाबा की मूर्ति है। इस घर में अभिनेत्री ने देश के कोने-कोने से लाई मूर्तियां लगाई हैं और हर कोना बेहद खूबसूरत है।
अल्पना बुच का करियर
अल्पना बुच के करियर की बात करें तो उन्होंने अपने करियर की शुरुआत ऑल इंडिया रेडियो में बतौर अनाउंसर शुरू किया था और फिर 18 साल तक उन्होंने यहां का किया। इसके बाद उन्होंने एक्टिंग का रुख किया और गुजराती नाटकों और थिएटर में काम किया। फिर उनकी शादी हो गई, जिसके बाद उन्होंने एक्टिंग से ब्रेक ले लिया, लेकिन फिर परिवार के हौसला बढ़ाने पर कमबैक का फैसला लिया। उन्होंने ‘सरस्वतीचंद्र’, ‘बालवीर रिटर्न्स’, ‘संस्कार लक्ष्मी’ और ‘अनुपमा’ जैसे हिट शोज में काम किया है और कई फिल्मों का भी हिस्सा रह चुकी हैं।
ये भी पढ़ेंः ‘अनुपमा’ की नींद हुई हराम, आधी रात गुल हुई बत्ती, गर्मी से हुईं परेशान, बिजली कटौती से तंग आकर सुनाई खरी-खोटी
Doonited Affiliated: Syndicate News Hunt
This report has been published as part of an auto-generated syndicated wire feed. Except for the headline, the content has not been modified or edited by Doonited
