
बॉलीवुड के मिस्टर परफेक्शनिस्ट आमिर खान हाल ही में गौरी स्प्रैट के साथ शादी के बंधन में बंधे हैं। उनकी इस तीसरी शादी के बाद से ही सोशल मीडिया से लेकर समाज के एक तबके में तीखी बहस छिड़ गई है। कुछ कट्टरपंथियों और एक मुस्लिम धर्मगुरु द्वारा इस शादी के खिलाफ फतवा जारी किए जाने के बाद मामले ने राजनीतिक और सामाजिक तूल पकड़ लिया। इन तमाम विवादों और खुद पर लव जिहाद का ब्रांड एंबेसडर होने के लग रहे आरोपों पर अब अभिनेता ने चुप्पी तोड़ी है। उन्होंने साफ किया कि उनकी एक भी शादी में धर्म परिवर्तन नहीं किया गया।
धर्म बदलना कभी मुद्दा नहीं रहा
रेडिफ को दिए इंटरव्यू में आमिर खान ने इन सभी आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए बेहद बेबाकी से जवाब दिया है। उन्होंने साफ कहा कि उनके परिवार में हमेशा से ही सभी धर्मों का सम्मान किया गया है और उनकी किसी भी शादी में कभी भी धर्म परिवर्तन की कोई शर्त या कोशिश नहीं रही। इंटरव्यू के दौरान जब आमिर खान से लव जिहाद और अंतरधार्मिक विवाहों को लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने कहा कि सच तो यह है कि उनका परिवार बहुत ही समावेशी और खुले विचारों वाला है। आमिर ने अपने परिवार का उदाहरण देते हुए कहा, मेरी दोनों बहनों की शादी हिंदू परिवारों में हुई है, मेरी बेटी ईरा ने भी एक हिंदू से शादी की है और मेरे कजिन मंसूर ने एक ईसाई महिला से निकाह किया है। हमारे परिवार में ये शादियां सिविल मैरिज यानी स्पेशल मैरिज एक्ट के तहत हुई हैं।’ उन्होंने आगे स्पष्ट करते हुए कहा, ‘न तो गौरी, न किरण और न ही रीना ने कभी अपना धर्म बदला, क्योंकि हमारी शादियां कानूनी तौर पर कोर्ट मैरिज थीं। गौरी तो हिंदू भी नहीं हैं, वह एक ईसाई हैं और वो भी रूढ़िवादी ईसाई नहीं हैं। वक्त के साथ दुनिया और चीजें काफी अजीब और मजाकिया होती जा रही हैं।’
मौलाना का फतवा, गैर-मुस्लिम से शादी को बताया हराम और गुनाह
आमिर खान का यह बयान उस वक्त आया है जब मुस्लिम पर्सनल दारुल इफ्ता के शाही मुख्य मुफ्ती, मौलाना इब्राहिम हुसैन ने उनकी इस शादी को लेकर एक फतवा जारी कर दिया है। एएनआई की रिपोर्ट और सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में मौलाना ने शरीयत का हवाला देते हुए कहा कि किसी भी मुस्लिम मर्द के लिए किसी गैर-मुस्लिम महिला से शादी करना पूरी तरह से हराम है। उन्होंने इसे एक बड़ा गुनाह करार देते हुए कहा कि जो लोग इसे पाप नहीं मानते, उन्हें आखिरकार अल्लाह को जवाब देना होगा। इसके अलावा मौलाना ने आमिर खान की तीन शादियों पर भी तंज कसा और कहा कि बार-बार शादी करना और तलाक देना तब तक सही नहीं ठहराया जा सकता जब तक कोई व्यक्ति अपनी जिम्मेदारियों को पूरी तरह से न निभाए।
25 साल पुरानी दोस्ती और बेंगलुरु में दोबारा मुलाकात के बाद हुआ निकाह
आमिर खान और बेंगलुरु की रहने वालीं ब्यूटी एंड वेलनेस एंटरप्रेन्योर गौरी स्प्रैट एक-दूसरे को पिछले करीब 25 सालों से जानते हैं। हालांकि बीच में दोनों का संपर्क टूट गया था, लेकिन दो साल पहले आमिर की कजिन नुजहत खान के जरिए बेंगलुरु में दोनों की दोबारा मुलाकात हुई। पिछले साल मार्च में जब आमिर खान ने अपना 60वां जन्मदिन मनाया था, तब उन्होंने पहली बार गौरी को मीडिया और दुनिया के सामने इंट्रोड्यूस कराया था। धीरे-धीरे दोनों की यह दोस्ती प्यार में बदल गई और दो साल तक एक-दूसरे को डेट करने के बाद आखिरकार उन्होंने इसी साल 5 जुलाई को मुंबई में बेहद सादगी के साथ कोर्ट मैरिज कर ली। इस शादी में मुकेश अंबानी, राज ठाकरे, आशुतोष गोवारिकर और इरफान पठान जैसी जानी-मानी हस्तियां शामिल हुई थीं।
आमिर खान की पिछली शादियां
गौरी स्प्रैट से पहले आमिर खान की दो शादियां और हो चुकी हैं। उनकी पहली शादी साल 1986 में रीना दत्ता से हुई थी, जिनसे उनके दो बच्चे जुनैद खान और ईरा खान हैं। 16 साल तक साथ रहने के बाद साल 2002 में दोनों का तलाक हो गया। इसके बाद साल 2005 में आमिर ने फिल्ममेकर किरण राव से शादी की, जिनसे उनका एक बेटा आजाद राव खान है। साल 2021 में आमिर और किरण ने आपसी सहमति से अलग होने का फैसला किया था।
ये भी पढ़ें: चोरी-छिपे नहीं, अब सरेआम साथ दिख रहे कृति और कबीर, बर्मिंघम वनडे से वायरल हुईं खास तस्वीरें
Doonited Affiliated: Syndicate News Hunt
This report has been published as part of an auto-generated syndicated wire feed. Except for the headline, the content has not been modified or edited by Doonited
