
नागार्जुन के छोटे बेटे अखिल अक्किनेनी अब अपनी हालिया रिलीज फिल्म ‘लेनिन’ को लेकर चर्चा में हैं, जो बॉक्स ऑफिस पर धूम मचा रही है। ‘लेनिन’ के साथ अखिल अक्किनेनी ने तीन साल के लंबे ब्रेक के बाद बड़े पर्दे पर वापसी की है और अपने करियर की सबसे बड़ी ओपनिंग हासिल की है। मिले-जुले रिएक्शन के बाद भी लेनिन बॉक्स ऑफिस पर अच्छा प्रदर्शन कर रही है। अब ‘लेनिन’ के प्रदर्शन को लेकर मेगास्टार चिरंजीवी ने अखिल अक्किनेनी के लिए एक दिल को छू लेने वाला संदेश साझा किया है, जिसमें उन्होंने अखिल को अपने ‘बेटे जैसा’ बताया है।
चिरंजीवी ने अखिल की ‘लेनिन’ की तारीफ की
चिरंजीवी ने X पर एक पोस्ट शेयर करते हुए, अखिल की परफॉर्मेंस की तारीफ की और फिल्म को मिल रहे रिस्पॉन्स के लिए फिल्म की पूरी टीम को बधाई दी। उन्होंने अपने पोस्ट में लिखा, ‘लेनिन के बारे में बहुत अच्छी-अच्छी बातें सुनने को मिल रही हैं और फिल्म को हर तरफ से मिल रही तारीफें सुनकर मुझे बहुत खुशी हुई। खासतौर पर अखिल अक्किनेनी की परफॉर्मेंस को देखकर। अखिल मेरे लिए दूसरे बेटे जैसा है और उसे हर फिल्म के साथ आगे बढ़ते देखना मेरे लिए बहुत खुशी की बात है। मेरे प्यारे दोस्त नागार्जुन, लेनिन की पूरी कास्ट और क्रू को बधाई। जल्द ही ‘लेनिन’ देखने का इंतजार है। फिल्म की कामयाबी की कामना करता हूं।’
चिरंजीवी के पोस्ट पर नागार्जुन का रिएक्शन
चिरंजीवी का पोस्ट देखते ही नागार्जुन ने इसका जवाब दिया और हमेशा अपने परिवार के साथ खड़े रहने के लिए चिरंजीवी का शुक्रिया अदा किया। उन्होंने जवाब में लिखा, ‘बहुत शुक्रिया चिरंजीवी गारू, आप हमेशा मेरे और मेरे परिवार के लिए एक मज़बूत सहारे की तरह खड़े रहे हैं… प्लीज फिल्म जरूर देखिएगा और मेरा वादा है कि आपको यह बहुत पसंद आएगी!!’
अखिल ने भी दिया जवाब
अखिल ने भी चिरंजीवी के मैसेज का जवाब दिया है। उन्होंने लिखा- ‘पेडा नाना… आपका प्यार हमेशा दिल को छू लेने वाला होता है। आपके सारे सपोर्ट के लिए धन्यवाद। प्लीज फिल्म ज़रूर देखिएगा। जल्द ही मिलते हैं।’ इससे पहले रविवार लेनिन की सक्सेस मीट के दौरान नागार्जुन ने अपने छोटे बेटे अखिल के साथ करीब दो साल पहले हुए एक गंभीर हादसे के बारे में बात की थी। इस दौरान उन्होंने बताया कि कैसे अखिल को करीब दो साल पहले कांच से चोट लग गई थी, जिसके चलते उनकी नस लगभग कट गई थी। इस चोट के चलते अखिल के हाथ में कई महीने तक सेंसेशन नहीं थी।
लेनिन के बारे में
अखिल अक्किनेनी स्टारर ‘लेनिन’ की बात करें तो इसमें अखिल के साथ भाग्यश्री बोरसे लीड रोल में हैं। इनके अलावा फिल्म में रामकी, शिवाजी, सुनील, ब्रह्माजी और ईश्वरी राव जैसे कलाकार अहम भूमिकाओं में हैं। मुरली किशोर अब्बुरु द्वारा लिखित और निर्देशित, ‘लेनिन’ को नागार्जुन और सूर्यदेवरा नागा वामसी ने मनम एंटरप्राइजेज एलएलपी और सितारा एंटरटेनमेंट्स के बैनर तले प्रोड्यूस किया है।
ये भी पढ़ेंः ‘द फैमिली मैन’ के लिए पहली पसंद नहीं थे मनोज बाजपेयी, चिरंजीवी के लिए लिखी थी कहानी, क्यों नहीं बन पाई बात?
Doonited Affiliated: Syndicate News Hunt
This report has been published as part of an auto-generated syndicated wire feed. Except for the headline, the content has not been modified or edited by Doonited
