
80 के दशक के दौर में ‘रामायण’ और ‘महाभारत’ जैसे पौराणिक धारावाहिकों का राज था। जैसे ही एपिसोड टेलीकास्ट होता, सड़कों पर सन्नाटा पसर जाता था। ऐसा लगता, मानो शहर में कर्फ्यू लग गया हो। लोग अपने सारे काम-धाम छोड़कर बस टीवी के सामने नजरें गड़ाकर बैठ जाते थे और वो भी हाथ जोड़कर। बीआर चोपड़ा की ‘महाभारत’ ने नीतीश भारद्वाज, रूपा गांगुली से लेकर पंकज धीर, पुनीत इस्सर और मुकेश खन्ना जैसे सितारों को पहचान दी। कई कलाकार तो आज भी इन्हीं किरदारों के लिए जाने जाते हैं। इस पौराणिक धारावाहिक में गंगा मैया के किरदार को भी खूब पसंद किया गया, जो अभिनेत्री किरण जुनेजा ने निभाया था। किरण जुनेजा अपनी प्रोफेशनल लाइफ के साथ-साथ निजी जिंदगी को लेकर भी काफी चर्चा में रहीं। खासतौर पर ‘शोले’ के निर्देशक रमेश सिप्पी से शादी, जो उनसे उम्र में 17 साल बड़े हैं।
शोले के डायरेक्टर से की है शादी
किरण जुनेजा ने रमेश सिप्पी से शादी की है, जिन्होंने बॉलीवुड की कल्ट क्लासिक ‘शोले’ और ‘शान’ का निर्देशन किया था। रमेश सिप्पी उम्र में किरण जुनेजा से 17 साल बड़े थे। बताया जाता है कि एक सीरियल पर काम करते हुए रमेश सिप्पी की किरण जुनेजा से मुलाकात हुई थी। किरण उस शो में ऑडिशन के लिए आई थीं, जहां उन्हें देखते ही रमेश सिप्पी उन पर दिल हार बैठे और फिर धीरे-धीरे किरण जुनेजा को भी उनसे प्यार हो गया।
4 साल डेटिंग के बाद की शादी
बताया जाता है कि शादी से पहले 4 साल तक रमेश सिप्पी और किरण जुनेजा ने एक-दूसरे को डेट किया। रमेश सिप्पी, किरण से उम्र में 17 साल बड़े हैं और उससे भी बड़ी बात की वह पहले से शादीशुदा और 3 बच्चों के पिता थे, लेकिन कुछ भी उनकी शादी में रुकावट नहीं बन सका।1991 में दोनों ने शादी कर ली। पहली शादी से रमेश सिप्पी के तीन बच्चे बेटा रोहन सिप्पी और बेटियां शीना और सोन्या सिप्पी हैं, वहीं किरण के साथ उनकी कोई संतान नहीं है। लेकिन, किरण, रमेश सिप्पी के तीनों बच्चों को अपने बच्चों जैसा प्यार करती हैं।
बनीं शशि कपूर की समधन
बता दें, किरण जुनेजा रिश्ते में दिवंगत अभिनेता शशि कपूर की समधन लगती हैं। दरअसल, रमेश सिप्पी की बेटी शीना की शादी शशि कपूर के बेटे कुणाल कपूर से हुई थी मगर 2004 में दोनों का तलाक हो गया। इस हिसाब से किरण जुनेजा का भी रिश्ता कपूर खानदान से जुड़ गया। शीना सिप्पी के बेटे जहान कपूर हैं, जो 2025 में नेटफ्लिक्स की क्राइम ड्रामा सीरीज ‘ब्लैक वारंट’ को लेकर चर्चा में रहे। इस सीरीज में उन्होंने तिहाड़ जेल के जेलर सुनील गुप्ता की भूमिका निभाई थी, जो सुनील गुप्ता की किताब पर ही आधारित है।
इन शोज में किया काम
किरण जुनेजा ने अपने करियर में ‘महाभारत’ के अलावा ‘बुनियाद’ में भी काम किया, जिसमें अनीता कंवर और लीला मिश्रा जैसे कलाकार भी नजर आए थे। इसके अलावा भी वह कई प्रोजेक्ट्स का हिस्सा रहीं, जिनमें ‘सही धंधे गलत बंदे’ और ‘सुमित संभाल लेगा’ जैसे प्रोजेक्ट शामिल हैं। बुनियाद में उनके किरदार को काफी पसंद किया गया और महाभारत में गंगा मैया की भूमिका निभाकर तो वह हर तरफ सुर्खियों में छा गईं।
ये भी पढ़ेंः एकता कपूर के शो की एक्ट्रेस, सब कुछ छोड़कर पकड़ी भक्ति की राह, बनी कृष्ण भक्त, वृंदावन में जमाया डेरा
Doonited Affiliated: Syndicate News Hunt
This report has been published as part of an auto-generated syndicated wire feed. Except for the headline, the content has not been modified or edited by Doonited






