
दुनियाभर में अपनी गायकी और स्टाइल के लिए मशहूर रिहाना हाल ही में अपने कॉस्मेटिक ब्रांड ‘फेंटी ब्यूटी’ के प्रमोशन के लिए मुंबई पहुंची थीं। सितंबर 2025 में अपने तीसरे बच्चे के स्वागत के बाद यह उनका पहला बड़ा भारत दौरा था। एयरपोर्ट पर उनके स्वागत से लेकर पपाराजी के साथ उनकी मस्ती और भारतीय संस्कृति में रंगे उनके वीडियो खूब वायरल हुए। रिहाना का यह दौरा उस समय विवादों में घिर गया, जब उनकी एक तस्वीर ने इंटरनेट पर नई बहस छेड़ दी। इस तस्वीर में वह गाय को चारा खिलाती नजर आ रही हैं, जिसे भारतीय समाज में एक पवित्र कार्य माना जाता है।
गौ सेवा के साथ लग्जरी बैग की ‘विडंबना’
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर रिहाना की जो तस्वीर चर्चा का विषय बनी हुई है, उसमें वह गौ माता की सेवा करती दिख रही हैं। हालांकि इस नेक काम के बीच नेटिजन्स की नजर उनके बाएं हाथ में मौजूद एक हरे रंग के लग्जरी हैंडबैग पर टिक गई। दावा किया जा रहा है कि यह बैग मशहूर फैशन हाउस Dior का है। विवाद की मुख्य वजह बैग की बनावट है। कई यूजर्स का आरोप है कि रिहाना भले ही गाय को खाना खिला कर गौ सेवा कर रही हैं, लेकिन दूसरी ओर उनके हाथ में नजर आ रहा बैग बछड़े की खाल से बना हुआ है। इस विरोधाभास को लोगों ने विडंबना करार दिया है। लोगों का कहना है कि ऐसा दिखावा करने का क्या ही फायदा है।
बैग की कीमत और बनावट पर उठते सवाल
भले ही इस बात की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है कि बैग में असली चमड़े का उपयोग हुआ है या नहीं, लेकिन सोशल मीडिया पर कयासों का दौर जारी है। कंपनी की वेबसाइट और फैशन एक्सपर्ट्स के हवाले से बताया जा रहा है कि इस बैग की कीमत लगभग 4.3 लाख रुपये है और कथित तौर पर इसे बछड़े और भेड़ की खाल की परतों से तैयार किया गया है। यूजर्स का कहना है कि एक तरफ जानवर के प्रति स्नेह दिखाना और दूसरी तरफ उसकी खाल से बनी वस्तु का उपयोग करना रिहाना के दोहरे रवैये को दर्शाता है।
दो हिस्सों में बंटा सोशल मीडिया
रिहाना की इस तस्वीर ने इंटरनेट यूजर्स को दो गुटों में बांट दिया है। रेडिट, एक्स और इंस्टाग्राम पर आलोचना करने वालों का कहना है कि यह आज की सबसे विडंबनापूर्ण तस्वीर है। एक यूजर ने तंज कसते हुए लिखा कि रिहाना बड़ी सहजता से गाय को चारा खिला रही हैं, जबकि उन्होंने उसी की खाल से बना बैग पकड़ा हुआ है। दूसरी ओर रिहाना के समर्थकों का तर्क है कि बिना किसी ठोस प्रमाण के बैग के मटेरियल पर टिप्पणी करना गलत है और यह भी संभव है कि बैग वीगन लेदर या किसी अन्य चीज से बना हो। फिलहाल रिहाना की ओर से इस विवाद पर कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
ये भी पढ़ें: यदि आपको परफेक्ट हॉरर फिल्म देखनी ही है, तो फिर ये वाली देखिए, IMDb पर भी 8.8 है रेटिंग
Doonited Affiliated: Syndicate News Hunt
This report has been published as part of an auto-generated syndicated wire feed. Except for the headline, the content has not been modified or edited by Doonited






