
बॉक्स ऑफिस पर 2025 और 2026 में आदित्य धर की ‘धुरंधर’ और ‘धुरंधरः द रिवेंज’ ने ऐसा बवाल काटा कि हर कोई हैरान रह गया। धुरंधर ने जहां 1300 करोड़ से ज्यादा का कलेक्शन किया तो वहीं धुरंधर 2 भी अब कमाई के मामले में नंबर 2 पर काबिज हो चुकी है और अब इसकी नजर आमिर खान की ‘दंगल’ पर है। धीरे-धीरे कर ये फिल्म दंगल के नजदीक पहुंचती जा रही है, हालांकि अभी भी इसे दंगल का रिकॉर्ड तोड़ने के लिए काफी लंबी दूरी तय करना है। इस बीच आपको 90 के दशक में रिलीज हुई उस फिल्म के बारे में बताते हैं, जो देशप्रेम की भावना से भरी है और आज भी जब कभी टीवी पर टेलीकास्ट होती है तो दर्शक इसे देखे बिना नहीं रह पाते। इस फिल्म की कहानी, किरदार, डायलॉग और यहां तक कि विलेन तक, दर्शक अब तक इसे नहीं भूल सके हैं।
26 साल पहले रिलीज हुई थी फिल्म
यहां बात हो रही है 30 अप्रैल 1999 को आई ‘सरफरोश’ की, जो कारगिल युद्ध से ठीक पहले रिलीज हुई थी। इस फिल्म में पाकिस्तान की ओर से प्रायोजित आतंकवादी हमलों पर खुलकर बात की गई थी। यही नहीं, ये वो पहली फिल्म थी, जिसमें पाकिस्तान के लिए पड़ोसी मुल्क नहीं बल्कि पाकिस्तान शब्द का ही इस्तेमाल किया गया था और वो भी डंके की चोट पर। सेंसर बोर्ड ने आपत्ति जताई, लेकिन मेकर्स अड़े रहे कि वह पाकिस्तान के लिए पाकिस्तान शब्द का ही इस्तेमाल करेंगे। वहीं जब ये फिल्म रिलीज हुई तो नेशनल अवॉर्ड समेत 5 पुरस्कार जीते। यही नहीं, इस फिल्म की रिलीज के बाद ही भारत और पाकिस्तान के बीच कारगिल युद्ध भी शुरू हो गाया था, जिसे ऑपरेशन विजय के नाम से भी जाना जाता है।
8 करोड़ के बजट में कमाए 33 करोड़
इस फिल्म में आमिर खान, सोनाली बेंद्रे, नसीरुद्दीन शाह और मुकेश ऋषि जैसे कलाकार मुख्य भूमिका में नजर आए थे। फिल्म में जहां आमिर खान ने अजय सिंह राठौड़ नाम के आईपीएस अफसर की भूमिका निभाई थी, जो अपने भाई की हत्या और पिता को घायल करने वाले आतंकवादियों से बदला लेने के लिए कड़ी मशक्कत करता है और फिर सीमा पार होने वाले हथियारों के तस्करी के रैकेट को तबाह कर देता है। इस फिल्म की कहानी के साथ ही गानों को भी दर्शकों से जबरदस्त रिस्पॉन्स मिला था। वहीं नसीरुद्धीन शाह ने पाकिस्तानी गजल गायक गलफाम हसन की भूमिका निभाई थी, जो आखिर में एक आतंकवादी निकलता है और पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई के लिए काम करता है। खास बात तो ये है कि इस फिल्म को बनाने में मेकर्स ने उन दिनों 8 करोड़ खर्च किए थे और इसने बॉक्स ऑफिस पर 33 करोड़ का कलेक्शन किया था।
7 साल चली रिसर्च
इस फिल्म को बनाने में मेकर्स को 7 साल लग गए थे। दरअसल, ‘सरफरोश’ फिल्म की स्क्रिप्ट पर 1992 में ही काम शुरू हो गया था, लेकिन मेकर्स ने रिसर्च के साथ इस फिल्म को बनाने का फैसला लिया। इस फिल्म का निर्देशन जॉन मैथ्यू ने किया था। आईएमडीबी पर भी इस फिल्म को 8.1 रेटिंग मिली है, जिससे साबित होता है कि इसकी कहानी और कलाकारों का अभिनय कितना दमदार है। अगर आप ये फिल्म देखना चाहते हैं तो ओटीटी प्लेटफॉर्म अमेजन प्राइम वीडियो पर आमिर खान की ये बेहतरीन फिल्म देख सकते हैं।
ये भी पढ़ेंः ‘राजा शिवाजी’ के लिए अभिषेक बच्चन ने नहीं लिया एक रुपया, फ्री में क्यों की रितेश देशमुख की फिल्म? बताई वजह
Doonited Affiliated: Syndicate News Hunt
This report has been published as part of an auto-generated syndicated wire feed. Except for the headline, the content has not been modified or edited by Doonited






