
तमिलनाडु की सड़कों पर आज जश्न का माहौल है और हवाओं में सिर्फ एक ही नाम गूंज रहा है थलपति विजय। रुझानों में 106 सीटों की जबरदस्त बढ़त के साथ विजय ने वह कर दिखाया है जिसकी कल्पना बड़े-बड़े राजनीतिक दिग्गजों ने नहीं की थी। लेकिन इस विजय रथ पर सवार होने से पहले जोसेफ विजय चंद्रशेखर ने एक ऐसा सफर तय किया है, जो किसी फिल्मी पटकथा से कम रोमांचक नहीं है। एक शांत लड़का, जो कैमरे के सामने आते ही बिजली की तरह चमकता है, आज अपनी निजी जिंदगी के सबसे बड़े तूफानों और विवादों के बीच मुख्यमंत्री की कुर्सी की ओर बढ़ रहा है। आखिर क्या है विजय की उस कामयाबी का राज, जिसमें बेपनाह दौलत और शोहरत तो है, लेकिन परिवार का साथ अब एक सवाल बन गया है? विजय ने राजनीति में आने से पहले कैसे फिल्मी दुनिया में कदम जमाया, फिर उसे राजनीति की ओर कैसे दिशा दी, जानें सब कुछ।
जन्म, शिक्षा और शुरुआती परवरिश
22 जून 1974 को मद्रास में जन्मे विजय का पूरा नाम जोसेफ विजय चंद्रशेखर है। उनके पिता एसए चंद्रशेखर एक प्रसिद्ध तमिल फिल्म निर्देशक रहे हैं और मां शोभा चंद्रशेखर एक प्ले बैक सिंगर। विजय की शिक्षा चेन्नई के बाललोक मैट्रिकुलेशन हायर सेकेंडरी स्कूल से हुई। इसके बाद में उन्होंने विजुअल कम्युनिकेशंस की पढ़ाई के लिए लोयोला कॉलेज में दाखिला लिया, लेकिन अभिनय के जुनून ने उन्हें पढ़ाई बीच में ही छोड़ने पर मजबूर कर दिया। विजय स्नातक की डिग्री पूरी नहीं कर सके, क्योंकि 18 साल की उम्र तक वह फिल्मी दुनिया के चमकते सितारों के बीच अपनी जगह बनाने निकल पड़े थे।
फिल्मी करियर का आगाज और 68 फिल्मों का सफर
विजय का फिल्मी सफर 1992 में फिल्म ‘नालय्या थीरपू’ से शुरू हुआ, जिसे उनके पिता ने ही निर्देशित किया था। शुरुआत में उन्हें काफी आलोचनाओं का सामना करना पड़ा, लेकिन 1996 की फिल्म ‘पूवे उनक्कागा’ ने उन्हें रातों-रात सुपरस्टार बना दिया। अपने तीन दशक लंबे करियर में विजय ने कुल 68 फिल्मों में काम किया है। उनकी फिल्मों ने न केवल तमिलनाडु बल्कि पूरे दक्षिण भारत और विदेशों में भी रिकॉर्ड तोड़ कमाई की। ‘मर्सल’, ‘लियो’ और हालिया ‘GOAT’ जैसी फिल्मों ने उन्हें भारत के सबसे महंगे और प्रभावशाली अभिनेताओं की सूची में टॉप पर खड़ा कर दिया।
पारिवारिक पृष्ठभूमि और निजी जीवन में उलझने
विजय का परिवार हमेशा सुर्खियों में रहा है। 25 अगस्त 1999 को उन्होंने अपनी एक प्रशंसक, संगीता सोरलिंगम से शादी की थी। उनके दो बच्चे हैं बेटा जेसन संजय और बेटी दिव्या साशा। हालांकि पिछले कुछ वर्षों में उनकी शादीशुदा जिंदगी में दरार की खबरें लगातार आ रही हैं। रिपोर्ट्स की मानें तो विजय और संगीता अब साथ नहीं रहते और उनके बीच तलाक की कानूनी प्रक्रिया चल रही है। पारिवारिक कलेश तब और बढ़ गया जब विजय ने अपने ही माता-पिता के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की, जिससे उनके बेटे जेसन संजय ने भी उनसे दूरियां बना लीं।
अफेयर्स की चर्चा और साख पर सवाल
विजय का नाम उनकी सह-कलाकारों के साथ भी जोड़ा गया। हाल के वर्षों में एक्ट्रेस तृषा कृष्णन के साथ उनकी नजदीकियों की अफवाहों ने सोशल मीडिया पर खूब हलचल मचाई। हालांकि दोनों ने इसे हमेशा दोस्ती का नाम दिया, लेकिन इन चर्चाओं ने विजय के निजी जीवन के विवादों को हवा दी। राजनीतिक विरोधियों ने इन व्यक्तिगत पहलुओं को विजय की छवि धूमिल करने के हथियार के रूप में भी इस्तेमाल किया।
फिल्मी पर्दे से विधानसभा तक
विजय का राजनीति में आना अचानक नहीं था। उन्होंने वर्षों तक विजय मक्कल इयक्कम के जरिए सामाजिक कार्य किए। फरवरी 2024 में उन्होंने अपनी पार्टी तमिलगा वेत्री कझगम (TVK) की आधिकारिक घोषणा की। विजय ने साफ कर दिया कि वह अब फिल्मों से पूरी तरह संन्यास ले रहे हैं और उनकी आखिरी फिल्म ‘जन नायकन’ उनके राजनीतिक विजन का प्रतिबिंब होगी। आज जब मतगणना के रुझानों में उनकी पार्टी 106 सीटों के साथ ऐतिहासिक बढ़त बनाए हुए है तो यह स्पष्ट है कि विजय का ‘साइलेंट’ अंदाज राजनीति में एक ‘वॉयलेंट’ क्रांति लाने में सफल रहा है। क्या वह अब तमिलनाडु के नए मुख्यमंत्री बनकर एक नया इतिहास रचेंगे, यह बस कुछ ही घंटों में साफ हो जाएगा।
विजय की नेट वर्थ
विजय ने अपने हलफनामे में कुल 624.74 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति घोषित की है। इसमें उनकी व्यक्तिगत संपत्ति के साथ-साथ उनकी पत्नी की संपत्ति भी शामिल है। विजय के पास लगभग 404.58 करोड़ रुपये की चल संपत्ति है। इसमें बैंक डिपॉजिट (213 करोड़ रुपये से अधिक) फिक्स्ड डिपॉजिट और शेयर शामिल हैं। उनके पास लगभग 220.15 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति है, जिसमें चेन्नई में व्यावसायिक इमारतें, आवासीय संपत्तियां और कोडाइकनाल में कृषि भूमि शामिल है। वित्तीय वर्ष 2024-25 के लिए उन्होंने अपनी कुल वार्षिक आय 184.53 करोड़ रुपये घोषित की है। उनके बेड़े में बीएमडब्ल्यू और लेक्सस जैसी महंगी गाड़ियां शामिल हैं। विजय के पास 883 ग्राम सोना है, जबकि उनकी पत्नी संगीता के नाम पर 3,132 ग्राम सोना और 134.91 कैरेट के हीरे घोषित किए गए हैं। हलफनामे के अनुसार, विजय ने अपने परिवार के सदस्यों को भी कर्ज दिया है, जिसमें उनके पिता (3.02 करोड़ रुपये), माता (87.12 लाख रुपये) और पत्नी (12.6 करोड़ रुपये) शामिल हैं।
ये भी पढ़ें: कांटों भरा रहा थलापति का ‘विजय’ पथ, पिता-बेटे ने छोड़ा साथ, पत्नी से तलाक, इन 7 विवादों के बीच तप कर निकला जन नायक
Doonited Affiliated: Syndicate News Hunt
This report has been published as part of an auto-generated syndicated wire feed. Except for the headline, the content has not been modified or edited by Doonited






