
सामंथा रुथ प्रभु के सितारे इन दिनों ऊंचाइयों पर हैं। एक तरफ उनकी हालिया रिलीज फिल्म ‘मा इंटी बंगारम’ को दर्शकों से जबरदस्त रिस्पॉन्स मिल रहा है तो दूसरी तरफ प्रेग्नेंसी ने भी उनकी जिंदगी खुशियों से भर दी है। इस बीच सामंथा से साउथ सिनेमा के दिग्गज अभिनेता चिरंजीवी ने भी मुलाकात की। चिरंजीवी के साथ उनकी पत्नी भी सामंथा और उनके पति राज निदिमोरु से मिले और कपल को दो-दो खुशियों के लिए बधाई दी। चिरंजीवी ने इस मुलाकात की तस्वीरें अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर साझा की हैं और इसी के साथ सामंथा की प्रेग्नेंसी की भी पुष्टि कर दी है।
पत्नी सुरेखा के साथ सामंथा से मिलने पहुंचे चिरंजीवी
चिरंजीवी ने एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर सामंथा और राज निदिमोरु के साथ कुछ तस्वीरें शेयर की हैं, जिनमें उन्हें और उनकी पत्नी सुरेखा को सामंथा को एक साड़ी और कई दूसरे तोहफे देते देखा जा सकता है। एक तस्वीर में वह फुलों का खूबसूरत गुलदस्ता देते भी दिखे। इस मुलाकात के दौरान उन्होंने सामंथा, राज निदिमोरू और पूरी टीम से बातचीत की और ‘मा इंटी बंगारम’ की सफलता और प्रेग्नेंसी के लिए कपल को बधाई दी।
चिरंजीवी का पोस्ट
चिरंजीवी ने अपने पोस्ट में लिखा- ‘मा इंटी बंगारम’ बहुत दिलचस्प लगी। जॉइंट फ़ैमिली की पृष्ठभूमि में एक्शन और इमोशन्स का बेहतरीन तालमेल बिठाते हुए, डायरेक्टर नंदिनी रेड्डी ने इसे अपने अनोखे अंदाज़ में जीवंत किया है, जिससे यह बेहद मनोरंजक बन गई है। सामंथा की एक्टिंग, खासकर साड़ी पहनकर किए गए एक्शन सीन, बहुत ही शानदार रहे। तेलुगु फिल्म इंडस्ट्री को ऐसी फिल्मों की ज़रूरत है जिनमें विविधता हो और महिलाएं मुख्य भूमिका में हों। इस सफलता के लिए सामंथा, नंदिनी रेड्डी, राज और फिल्म की पूरी टीम को दिल से बधाई। साथ ही, सामंथा और राज की जोड़ी को भी खास शुभकामनाएं, जो अपनी जिंदगी के एक नए अध्याय की शुरुआत कर रहे हैं।’
डायरेक्टर ने सामंथा की प्रेग्नेंसी की पुष्टि की
हाल ही में, ‘मा इंति बंगारम’ की डायरेक्टर नंदिनी रेड्डी ने भी सामंथा की प्रेग्नेंसी को लेकर चल रही अटकलों की पुष्टि की थी। ‘सिनेमा एक्सप्रेस’ से बात करते हुए नंदिनी ने बताया था कि सामंथा प्रेग्नेंट हैं। बातचीत में उन्होंने कहा था, ‘हमारी फिल्म ‘मा इंति बंगारम’ की सफलता को देखते हुए, उनकी प्रेग्नेंसी की खबर बहुत अच्छे समय पर आई है।’ इसी दौरान नंदिनी ने ये भी बताया कि सामंथा का फिल्म की सक्सेस मीट में शामिल होने का फैसला सोच-समझकर लिया गया था, जिससे ऑनलाइन अटकलें और बढ़ गईं।
‘मा इंति बंगारम’ की कहानी और कलेक्शन
‘मा इंति बंगारम’ की कहानी की बात करें तो ये फिल्म पारंपरिक परिवार के इर्द-गिर्द घूमती है। फिल्म एक ऐसी महिला की कहानी है जिसका अतीत छिपा हुआ है और वह समाज और परिवार में अपनी पहचान बनाने के लिए संघर्ष कर रही है। मगर इसी बीच जब उसके अतीत से कोई खतरा फिर से सामने आता है, तो वह उसी परिवार की रक्षा करती है जो उस पर शक करता है, और साथ ही सच को छिपाकर भी रखना होता है। ये फिल्म 19 जून को सिनेमाघरों में रिलीज़ हुई थी और अब तक 27.20 करोड़ रुपये का कलेक्शन कर चुकी है।
ये भी पढ़ेंः Rooh Announced: हॉरर वर्ल्ड में इमरान हाशमी की वापसी, ‘रूह’ से सामने आई शैतानी झलक, शैतानी लुक में दिखे एक्टर
Doonited Affiliated: Syndicate News Hunt
This report has been published as part of an auto-generated syndicated wire feed. Except for the headline, the content has not been modified or edited by Doonited
