
तमिलनाडू के मुख्यमंत्री और सुपरस्टार थलापति विजय की मोस्ट अवेटेड फिल्म ‘जना नायकन’ लंबे समय से रिलीज का इंतजार कर रही थी। विजय के फैंस 7 महीने से इस फिल्म को देखने का इंतजार कर रहे थे जो अब खत्म हो गया है। मेकर्स ने जना नायकन की आधिकारिक रिलीज डेट अनाउंस कर दी है, जिसके बाद फैंस की खुशी का ठिकाना नहीं है। मेकर्स ने हाल ही में ‘जना नायकन’ का नया पोस्टर जारी किया, जिसके साथ फिल्म की नई रिलीज डेट का भी ऐलान कर दिया है, जिसके अनुसार थलापति विजय की ये फिल्म 23 जुलाई को सिनेमाघरों में रिलीज होने के लिए तैयार है।
जना नायकन की रिलीज डेट अनाउंस
विजय की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘जना नायकन’ के सिनेमाघरों में रिलीज़ होने को लेकर हफ्तों से अटकलों का दौर जारी था, जिसके बाद मेकर्स ने आधिकारिक तौर पर पुष्टि कर दी है कि यह तमिल एक्शन ड्रामा 23 जुलाई, 2026 को दुनिया भर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी। मेकर्स और सीएम विजय ने खुद फिल्म का नया पोस्टर जारी करते हुए कैप्शन में लिखा- ‘जना नायकन 23 जुलाई से।’ मेकर्स के इस ऐलान ने फैंस का भी दिन बना दिया है। कई ने कमेंट करते हुए फिल्म की नई रिलीज डेट को लेकर खुशी जाहिर की।
नई रिलीज डेट पर फैंस का रिएक्शन
जैसे ही मेकर्स ने ‘जना नायकन’ की नई रिलीज डेट का ऐलान किया, फैंस ने पोस्ट पर कमेंट के जरिए अपनी खुशी जाहिर करना शुरू कर दिया। एक ने पोस्ट पर कमेंट करते हुए लिखा- ‘फाइनली, इंतजार खत्म हुआ। 23 जुलाई को सिनेमाघरों में लंबी लाइन लगने वाली है।’ एक और लिखता है- ‘तमिलनाडू के माननीय मुख्यमंत्री थलापति विजय बॉक्स ऑफिस पर 23 जुलाई को चार्ज लेने के लिए तैयार हैं।’ वहीं एक ने लिखा- ‘कब से इंतजार था, लेकिन दुख भी हो रहा है, ये उनकी आखिरी फिल्म है।’ वहीं कई ने उम्मीद जताई कि वह आगे चलक भी विजय को बड़े पर्दे पर देख सकेंगे
थलापति विजय के बेटे जेसन संजय की फिल्म भी लाइन में
थलापति विजय की ‘जना नायकन’ की नई रिलीज डेट के सामने आने के बाद अब उनके बेटे जेसन संजय की डायरेक्टोरियल डेब्यू फिल्म ‘सिग्मा’ की चर्चा भी तेज हो गई है। दरअसल, जेसन संजय की फिल्म ‘सिग्मा’ 31 जुलाई को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है और अब ‘जना नायकन’ की भी नई रिलीज डेट जारी कर दी गई है, जिसके अनुसार ‘जना नायकन’ और ‘सिग्मा’ की रिलीज में बस एक हफ्ते का ही अंतर है। ऐसे में अब ये सवाल उठने लगे हैं कि क्या जेसन संजय बॉक्स ऑफिस पर अपने पिता से टकराएंगे या फिर ‘सिग्मा’ की रिलीज डेट को पोस्टपोन कर दिया जाएगा? फिलहाल अब तक मेकर्स की ओर से इस पर कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।
ये भी पढ़ेंः ‘जना नायकन’ से जारी हुआ थलापति विजय का नया लुक, दमदार अंदाज में दिखे सुपरस्टार, देखते ही क्रेजी हुए फैंस
Doonited Affiliated: Syndicate News Hunt
This report has been published as part of an auto-generated syndicated wire feed. Except for the headline, the content has not been modified or edited by Doonited
