
एक्टर ऋतिक रोशन और सुजैन खान के अलगाव को एक दशक से ज्यादा का समय बीत चुका है, लेकिन आज भी उनसे जुड़ी पुरानी अफवाहें सोशल मीडिया पर तैरती रहती हैं। दोनों के बीच अलगाव के बाद भी गहरी दोस्ती है और दोनों एक दूसरे के साथ खड़े रहते हैं। दोनों अक्सर अपने पार्टनर्स के साथ एक दूसरे की खुशी में शामिल होते हैं, लेकिन फिर भी कई बार इन्हें लेकर अलग-अलग दावे किए जाते हैं। इनमें सबसे बड़ी और चर्चित अफवाह रही है तलाक के बदले सुजैन ने ऋचिक से 400 करोड़ रुपये की एलिमनी की मांग की थी। अब सालों बाद सुजैन खान की बहन और मशहूर ज्वेलरी डिजाइनर फराह खान अली ने इस पूरे विवाद पर खुलकर बात की है और सालों से चली आ रही इन खबरों को सिरे से खारिज कर दिया है। फराह ने साफ किया है कि इस तरह के दावों में रत्ती भर भी सच्चाई नहीं है और यह पूरी तरह से मनगढ़ंत कहानी थी।
बहन फराह का खुलासा
पत्रकार विक्की लालवानी के यूट्यूब चैनल पर दिए एक इंटरव्यू में फराह खान अली ने उन दिनों की कड़वी यादों को साझा किया। उन्होंने बताया कि जब रितिक और सुजैन के अलग होने की खबर आई तो हर कोई हैरान था। चारों तरफ तरह-तरह की बातें और कयास लगाए जा रहे थे। लोग उनकी निजी जिंदगी को लेकर अपनी राय थोप रहे थे। लेकिन फराह ने ऑन-रिकॉर्ड यह बात साफ की कि सुजैन ने ऋतिक से 400 करोड़ रुपये तो दूर एलिमनी के तौर पर एक भी पैसा नहीं लिया था। फराह ने कहा कि जब वह आज भी इंटरनेट पर लोगों को यह कहते सुनती हैं कि सुजैन इस तलाक के बाद और अमीर हो गईं तो उन्हें दिल से बेहद दुख और घृणा महसूस होती है क्योंकि यह सरासर झूठ है।
संस्कारों की सीख और सुजैन का आज भी रोशन परिवार से खास रिश्ता
फराह के मुताबिक उनकी मां ने बचपन से ही उन्हें और उनकी बहनों को यह सिखाया था कि जिंदगी में रिश्ते हमेशा भौतिक सुख-साधनों और पैसों से ऊपर होते हैं। यही वजह थी कि सुजैन ने इस अलगाव को कभी पैसों का सौदा नहीं बनने दिया। फराह ने बताया कि इसी गरिमा और साफ-सुथरी नीयत के कारण आज भी सुजैन खान के संबंध अपने एक्स पति ऋतिक रोशन और उनके माता-पिता यानी पिंकी और राकेश रोशन के साथ बेहद शानदार हैं। रोशन परिवार आज भी सुजैन को उतना ही प्यार देता है। फराह ने उन धारणाओं को पूरी तरह गलत बताया कि सुजैन को इस तलाक से कोई वित्तीय फायदा हुआ। उन्होंने कहा कि सुजैन एक बेहद सम्मानित परिवार से ताल्लुक रखती हैं और वह अपनी गरिमा बनाए रखना अच्छी तरह जानती हैं।
आखिर अफवाहों पर क्यों चुप रहीं सुजैन खान?
इंटरव्यू के दौरान फराह ने एक बेहद दिलचस्प वाकया भी साझा किया। उन्होंने बताया कि साल 2014 में जब कानूनी तौर पर तलाक फाइनल हुआ और मीडिया में 400 करोड़ की खबरें उड़ने लगीं तो उन्होंने सुजैन को कई बार टोकते हुए कहा था कि वह सामने आकर इन बकवास खबरों का खंडन क्यों नहीं करतीं? इस पर सुजैन का जवाब बेहद सीधा और संजीदा था। सुजैन ने कहा था, ‘फराह, मुझे इस बात से कोई फर्क नहीं पड़ता कि लोग मेरे बारे में क्या सोचते हैं।’ फराह ने कहा कि उनके परिवार की यही सोच है कि जब तक कोई व्यक्ति आपकी जिंदगी में सकारात्मक बदलाव न लाए, तब तक उसकी राय या पब्लिक ओपिनियन को खुद पर हावी नहीं होने देना चाहिए।
ये भी पढ़ें: हॉलीवुड की सस्ती नकल निकली ‘अल्फा’, जीरो लॉजिक और कमजोर कहानी पर भड़के दर्शक, X पर दी ऐसी की तैसी
Doonited Affiliated: Syndicate News Hunt
This report has been published as part of an auto-generated syndicated wire feed. Except for the headline, the content has not been modified or edited by Doonited
