
फरहान अख्तर की फिल्म ‘डॉन 3’ छोड़ने के बाद रणवीर सिंह मुश्किलों में घिरे हुए हैं। फरहान अख्तर की शिकायत के बाद फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉइज ने रणवीर सिंह के खिलाफनॉन को-ऑपरेशनल यानी असहयोग नोटिस जारी किया था, जिसके बाद अब इस विवाद ने नया मोड़ ले लिया है। अब रणवीर सिंह ने फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्पलॉइज के खिलाफ कोर्ट का दरवाजा खटखटाया है और फेडरेशन द्वारा जारी नोटिस के जवाब में एक लीगल नोटिस भी दिया है। अभिनेता की ओर से ये कदम तब उठाया गया है, जब फरहान अख्तर की प्रोडक्शन कंपनी एक्सल एंटरटेनमेंट की शिकायत के बाद FWICE ने डॉन 3 छोड़ने पर रणवीर सिंह के खिलाफ असहयोग निर्देश जारी किया था। इसी के बाद से हर तरफ शोर मचा हुआ था।
FWICE के निर्देश को रणवीर सिंह ने दी चुनौती
इंडिया टुडे की एक रिपोर्ट के अनुसार, FWICE के मुख्य सलाहकार अशोक पंडित ने बताया कि FWICE को असहयोग नोटिस मामले में रणवीर सिंह की ओर से कानूनी नोटिस मिला है। उन्होंने इसकी पुष्टि करते हुए कहा कि एसोसिएशन ने इस पूरे मामले पर बातचीत के लिए आज मुंबई में एक और प्रेस कॉन्फ्रेंस बुलाने का फैसला किया है। हालांकि,अशोक पंडित ने इसका खुलासा नहीं किया है कि इस नोटिस में क्या लिखा है, लेकिन अभिनेता के नोटिस के बाद ये मामला और गर्माता नजर आ रहा है।
FWICE ने रणवीर सिंह के खिलाफ जारी किया था नोटिस
जानकारी के लिए बता दें कि पिछले महीने ही फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉइज़ (FWICE) ने फरहान अख्तर के प्रोडक्शन की फिल्म ‘डॉन 3’ आखिरी मौके पर छोड़ने को लेकर रणवीर सिंह के खिलाफ असहयोग नोटिस (NCD) जारी किया था। ANI द्वारा शेयर की गई विज्ञप्ति में FWICE ने कहा कि उसने रणवीर सिंह के कथित तौर पर अचानक प्रोजेक्ट से बाहर होने के संबंध में इंडियन फिल्म एंड टेलीविजन डायरेक्टर्स एसोसिएशन (IFTDA) ने शिकायत भेजी थी, जिसे संज्ञान में लेते हुए रणवीर के खिलाफ नॉन को-ऑपरेशनल नोटिस जारी किया गया है। फरहान अख्तर ने 11 अप्रैल 2026 को शिकायत दर्ज कराई थी, जिसके बाद मामले को आगे की कार्रवाई के लिए FWICE को सौंप दिया गया।
शूटिंग से ठीक पहले पीछे हटे रणवीर
रिपोर्ट्स के अनुसार, रणवीर सिंह ने ‘डॉन 3’ की शूटिंग शुरू होने से ठीक पहले इस फिल्म से अपने हाथ पीछे खींच लिए, जिसके बाद उनके और फिल्म का निर्माण कर रहे फरहान अख्तर और रितेश सिधवानी के बीच तनाव बढ़ गया। इस फिल्म का निर्माण ‘एक्सेल एंटरटेनमेंट’ के तहत किया जा रहा है। रणवीर के शूटिंग से कुछ दिन पहले पीछे हटने से मेकर्स को भारी नुकसान भी उठाना पड़ा, जिसके बाद मामला बढ़ता गया और फिर FWICE के पास जा पहुंचा। रणवीर सिंह के इस तरह आखिरी मौके पर फिल्म छोड़ने के बाद फेडरेशन के अध्यक्ष बीएन तिवारी, मुख्य सलाहकार अशोक पंडित, मानद महासचिव अशोक दुबे सहित शीर्ष नेतृत्व ने एक महत्वपूर्ण आंतरिक बैठक की। इस बैठक के बाद ही प्रेस कॉन्फ्रेंस कर FWICE द्वारा इंडस्ट्री को इस फैसले की जानकारी दी गई थी।
ये भी पढ़ेंः ‘भाबीजी घर पर हैं’ के प्रोड्यूसर पर शिल्पा शिंदे ने लगाया था यौन उत्पीड़न का ‘झूठा’ केस? 11 साल बाद किया बड़ा खुलासा
Doonited Affiliated: Syndicate News Hunt
This report has been published as part of an auto-generated syndicated wire feed. Except for the headline, the content has not been modified or edited by Doonited
