
भोजपुरी सिनेमा बीते समय लगातार अपने अश्लील गानों को लेकर बदनाम रहा है। लेकिन कुछ समय से भोजपुरी इंडस्ट्री के गानों में भाषा की मर्यादा में सुधार देखने को मिला है। साथ ही भोजपुरी सिनेमा के सितारों का कद भी बढ़ रहा है। बॉलीवुड फिल्मों में भी भोजपुरी सितारों को काम मिल रहा है। लेकिन भोजपुरी सिनेमा का एक सुपरस्टार ऐसा भी है जो बॉलीवुड में अपनी एक्टिंग की चमक बिखेरता रहता है। इतना ही नहीं अपने समय की सुपरस्टार हीरोइन संग डांस में रंग जमा चुका ये भोजपुरी एक्टर अब उनकी बेटी के साथ फिल्म में नजर आने वाला है। ये भोजपुरी स्टार कोई और नहीं बल्कि रवि किशन हैं। रवि अपनी अपकमिंग फिल्म पेड्डी में जाह्नवी कपूर संग स्क्रीन शेयर करने वाले हैं। लेकिन खास बात ये है कि रवि किशन ने जाह्नवी की मां और अपने समय की सुपरस्टार हीरोइन रहीं श्रीदेवी संग भी डांस किया है।
श्रीदेवी संग शेयर कर चुके स्क्रीन
रवि किशन भोजपुरी सुपरस्टार हैं और अब तक बॉलीवुड समेत साउथ में दर्जनों सुपरहिट फिल्मों में काम कर चुके हैं। भोजपुरी सिनेमा से पहले ही रवि किशन ने बॉलीवुड फिल्मों में अपना नाम कमाया था। लेकिन कम ही लोग जानते हैं कि रवि ने साल 1996 में रिलीज हुई फिल्म ‘आर्मी’ में काम किया था। इस फिल्म में शाहरुख खान के साथ श्रीदेवी ने लीड रोल निभाया था। इस फिल्म में एक सीन में रवि किशन ने श्रीदेवी संग डांस भी किया था। इसकी तस्वीरें आज भी सोशल मीडिया पर वायरल रहती हैं। इस फिल्म को राम शेट्टी ने डायरेक्ट किया था और इसकी कहानी अनीस बज्मी ने लिखी थी। फिल्म की कहानी एक आर्मी के जांबाज अफसर की है जिसकी हत्या एक गैंगस्टर कर देता है। इस सिपाही की हाल ही में शादी हुई होती है और उसकी पत्नी गैंगस्टर से अपने पति की हत्या का बदला लेने का फैसला लेती है। इसके बाद वो कुछ लोगों की एक फौज तैयार करती है और बदला लेती है।
अब बेटी संग भी कर रहे फिल्म
लगभग तीन दशक बाद रवि किशन जाह्नवी कपूर के साथ ‘पेड्डी’ में नजर आने वाले हैं, जो उनके करियर का एक अहम पड़ाव है। बुची बाबू सना द्वारा निर्देशित फिल्म ‘पेड्डी’ में राम चरण मुख्य भूमिका में हैं, जबकि जाह्नवी कपूर मुख्य अभिनेत्री हैं। फिल्म में बोमन ईरानी शिव राजकुमार, दिव्येंदु शर्मा और जगपति बाबू भी हैं। वेंकट सतीश किलारू द्वारा निर्मित यह फिल्म 4 जून, 2026 को रिलीज होने वाली है। श्रीदेवी की बात करें तो, अभिनेत्री का फरवरी 2018 में दुबई में एक दुखद दुर्घटना में निधन हो गया था, जाह्नवी के ‘धड़क’ से बॉलीवुड में डेब्यू करने से कुछ सप्ताह पहले।
Doonited Affiliated: Syndicate News Hunt
This report has been published as part of an auto-generated syndicated wire feed. Except for the headline, the content has not been modified or edited by Doonited
