
बॉलीवुड की दिग्गज अभिनेत्री और पॉलिटिशियन हेमा मालिनी को हिंदी सिनेमा में 6 दशक से ज्यादा का समय हो चुका है। अपने 60 सालों के लंबे करियर में हिंदी के साथ-साथ कई दक्षिण भारतीय फिल्मों में भी अपने अभिनय का जादू चलाया। हेमा मालिनी को हिंदी सिनेमा की ‘ड्रीम गर्ल’ भी कहा जाता है और एक समय था जब हर बड़ा एक्टर-डायरेक्टर उनके साथ काम करना चाहता था। आज भी हेमा मालिनी की लोकप्रियता काफी ज्यादा है। हाल ही में हेमा मालिनी ने मुंबई में आयोजित ‘ड्रीम गर्ल्स डायमंड जुबली’ कार्यक्रम में फिल्म इंडस्ट्री में अपने 60 साल पूरे होने का जश्न मनाया। इस दौरान उन्होंने उस अभिनेत्री का नाम भी बताया, जिसे वह बड़े पर्दे पर अपनी भूमिका निभाते देखना चाहती हैं।
दीपिका पादुकोण को अपनी बायोपिक में देखना चाहती हैं हेमा मालिनी
कार्यक्रम के दौरान जब हेमा मालिनी से पूछा गया कि अगर उनकी बायोपिक बनती है तो क्या वह अपनी बायोपिक में दीपिका को अपने रोल में देखना पसंद करेंगी? तो जवाब में उन्होंने साफ कर दिया कि अगर उन पर बायोपिक बनती है तो वह इसमें दीपिका पादुकोण को देखना चाहेंगी। हेमा मालिनी ने सवाल का जवाब देते हुए कहा, ‘अगर वह चाहें, तो वह यह कर सकती हैं। कोई भी यह कर सकता है।’ इसके बाद उन्होंने दीपिका की तारीफ करते हुए कहा- ‘दीपिका एक खूबसूरत और टैलेंटेड लड़की हैं।’
हेमा मालिनी की बायोग्राफी दीपिका ने की थी लॉन्च
बता दें, हेमा मालिनी और दीपिका पादुकोण के बीच हमेशा से अच्छे संबंध हैं। 2017 में जब हेमा मालिनी की राम कमल मुखर्जी द्वारा लिखित बायोग्राफी ‘हेमा मालिनी: बियॉन्ड द ड्रीम गर्ल’ लॉन्च की गई, तब भी इसके लिए दीपिका पादुकोण को ही चुना गया था। यही नहीं, ये भी माना जाता है कि दीपिका ने शाहरुख खान स्टारर ‘ओम शांति ओम’ में जो दो रोल निभाए थे, उनमें से एक हेमा मालिनी से ही प्रेरित था। उनके किरदार शांतिप्रिया को भी ‘ड्रीम गर्ल’ कहा गया था, ये टाइटल 70-80 के दशक में हेमा मालिनी से जुड़ा था और आज भी ड्रीम गर्ल का जिक्र होते ही लोगों की नजरों में हेमा मालिनी का ही चेहरा आता है।
हेमा मालिनी की डायमेंड जुबली
हाल ही में हेमा मालिनी ने फिल्म इंडस्ट्री में अपने 60 साल पूरे होने का जश्न मनाया। उन्होंने इसे लेकर सोशल मीडिया पर एक पोस्ट भी साझा किया, जिसमें उन्होंने लिखा- ‘कितना यादगार और शानदार ढंग से आयोजित इवेंट। फिल्म इंडस्ट्री में मेरे सालों का जश्न (डायमंड जुबली) इतनी धूमधाम और भव्यता के साथ मनाया गया। यह सचमुच अविश्वसनीय था। ऑडिटोरियम में मोजूद लोग मेरी फिल्मों और म्यूजिक में पूरी तरह खोए हुए लग रहे थे और सबसे खास बात कि वो आखिरी तक रुके रहे।’
हेमा मालिनी का करियर
बॉलीवुड की ‘ड्रीम गर्ल’ के नाम से मशहूर हेमा मालिनी का फिल्मी दुनिया में सफर काफी शानदार रहा है। एक मंझी हुई अभिनेत्री होने के साथ-साथ हेमा मालिनी एक पॉलिटिशियन, क्लासिकल डांसर और फिल्म प्रोड्यूसर भी हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत 1960 के दशक के आखिर में की थी और 1970 और 1980 के दशक में हिंदी सिनेमा पर उनका दबदबा देखने को मिला।
ये भी पढ़ेंः ‘किसने बोला ये?’ हेमा मालिनी ने हाईएस्ट पेड एक्ट्रेस होने के दावों पर किया रिएक्ट, बोलीं- ‘बहुत कम फीस मिलती थी’
Doonited Affiliated: Syndicate News Hunt
This report has been published as part of an auto-generated syndicated wire feed. Except for the headline, the content has not been modified or edited by Doonited
