
बॉलीवुड में जब दो बिल्कुल अलग मिजाज के दिग्गज हाथ मिलाते हैं तो परिणाम अक्सर लीक से हटकर होता है। कुछ ऐसा ही नजारा ‘बंदर’ के टीजर में देखने को मिल रहा है, जहां कल्ट सिनेमा के मास्टर अनुराग कश्यप और ‘एनिमल’ के बाद नई ऊंचाइयों को छू रहे बॉबी देओल पहली बार साथ आए हैं। टीजर के रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर हलचल मच गई है, क्योंकि यह फिल्म आज के पारंपरिक सिनेमा से कोसों दूर एक अलग ही वाइब पेश कर रही है। फिल्म के टीजर के बैकग्राउंड में बज रहा गाना दिमाग में बसने के लिए काफी है।
70 के दशक का रेट्रो टच और अचानक बदलता मिजाज
टीजर की शुरुआत एक बेहद दिलचस्प और रंगीन माहौल से होती है, जहां बॉबी देओल 70 के दशक के डिस्को अवतार में नजर आ रहे हैं, वो चमकीली जैकेट में परफॉर्म कर रहे हैं। ‘कम ऑन बेबी दिल किसको देगी’ के रीमैजिन वर्जन पर उनका थिरकना दर्शकों के लिए किसी सिनेमा मोमेंट से कम नहीं है, लेकिन अनुराग कश्यप की फिल्म हो और सब कुछ सीधा-सादा रहे, ऐसा मुमकिन नहीं है। टीजर के बीच में आने वाला एक अचानक ट्विस्ट पूरी कहानी का रुख मोड़ देता है, जो यह संकेत देता है कि यह रिलेशनशिप ड्रामा ऊपर से जितना क्रेजी दिख रहा है, अंदर से उतना ही उलझा हुआ और गहरा है।
बंदर का प्लॉट
अनुराग कश्यप के निर्देशन में तैयार यह फिल्म आधुनिक भारत के Me Too आंदोलन के बाद उपजे पेचीदा हालातों और उसके सामाजिक-कानूनी परिणामों की पड़ताल करती है। कहानी का केंद्र समर है, जो कभी टेलीविजन का चमकता सितारा हुआ करता था, लेकिन अब उसका करियर पतन की ओर है। तनाव तब बढ़ता है जब समर की पूर्व प्रेमिका गायत्री उन पर बलात्कार जैसा गंभीर आरोप लगा देती है। यह कानूनी कार्रवाई तब होती है जब समर उससे सारे रिश्ते खत्म कर लेता है। इसके बाद शुरू होता है समर की गिरफ्तारी और कानूनी दांव-पेंचों का एक ऐसा अंतहीन सिलसिला, जहाँ व्यवस्था का लक्ष्य न्याय करना नहीं, बल्कि उसे कुचलना प्रतीत होता है। यह फिल्म सत्ता के बेजा इस्तेमाल, सिस्टम के भीतर फैले भ्रष्टाचार और प्रशासनिक विफलताओं को बेहद तीखे और बेबाक अंदाज में पेश करने का दावा करती है।
पाताल लोक और कोहरा फेम लेखकों की सधी हुई कलम
‘बंदर’ की कहानी को और भी मजबूती देती है इसकी राइटिंग टीम। इसे सुदीप शर्मा और अभिषेक बनर्जी की मशहूर जोड़ी ने लिखा है, जो ‘पाताल लोक’, ‘कोहरा’ और ‘उड़ता पंजाब’ जैसी सघन कहानियों के लिए जाने जाते हैं। उनकी लेखनी और अनुराग कश्यप के डायरेक्शन का मेल फिल्म में एक अलग तरह की इंटेंसिटी पैदा कर रहा है। टीज़र की लय जैसे-जैसे आगे बढ़ती है, सस्पेंस और पागलपन का ग्राफ तेजी से ऊपर जाता है, जो दर्शकों को सोचने पर मजबूर कर देता है कि आखिर ‘बंदर’ की असली बिसात क्या है।
एलेक्ट्रिक स्टार कास्ट और रिलीज की तारीख
फिल्म में केवल बॉबी देओल ही नहीं, बल्कि कलाकारों की एक पूरी फौज है जो अपनी एक्टिंग के लिए मशहूर है। सान्या मल्होत्रा, राज बी शेट्टी, सपना पब्बी, सबा आज़ाद और जितेंद्र जोशी जैसे सितारों की मौजूदगी इसे एक ‘पावर-पैक’ प्रोजेक्ट बनाती है। निखिल द्विवेदी की सैफरन मैजिकवर्क्स द्वारा निर्मित और जी स्टूडियोज के सहयोग से बनी यह फिल्म 5 जून 2026 को सिनेमाघरों में दस्तक देगी। ‘एनिमल’ की सफलता के बाद बॉबी देओल को इस बिल्कुल नए और अतरंगी अवतार में देखना उनके फैंस के लिए किसी बड़े सरप्राइज से कम नहीं होने वाला है।
ये भी पढ़ें: Governor Teaser: जब गिरवी रखा गया था देश का सोना, मनोज बाजपेयी दिखाएंगे 1990 के आर्थिक भूचाल की अनकही कहानी
Doonited Affiliated: Syndicate News Hunt
This report has been published as part of an auto-generated syndicated wire feed. Except for the headline, the content has not been modified or edited by Doonited






