
क्रिकेट और सिनेमा का नाता भारत में काफी पुराना रहा है। जब भी किसी क्रिकेटर का नाम किसी फिल्म अभिनेत्री के साथ जुड़ता है तो फैंस के बीच गॉसिप्स का बाजार गर्म हो जाता है। इन दिनों सोशल मीडिया पर एक ऐसा ही नया लिंक-अप टॉक टॉक ऑफ द टाउन बना हुआ है। यह चर्चा भारतीय क्रिकेट के उभरते सितारे और मुंबई इंडियंस के धाकड़ बल्लेबाज तिलक वर्मा और साउथ सिनेमा की बेहद खूबसूरत व ग्लैमरस हसीना श्रीलीला को लेकर है। सोशल मीडिया पर पिछले कुछ दिनों से यह कयास लगाए जा रहे हैं कि तिलक वर्मा पिछले एक साल से अल्लू अर्जुन की इस ऑन-स्क्रीन हीरोइन को डेट कर रहे हैं। इन अफवाहों के लगातार तूल पकड़ने के बाद अब खुद अभिनेत्री की मां ने सामने आकर इस पर अपनी चुप्पी तोड़ी है।
कभी डॉक्टर से बनी ग्लैमरस हसीना
जो लोग श्रीलीला के बैकग्राउंड से वाकिफ नहीं हैं, उन्हें बता दें कि वह सिर्फ पर्दे पर अपनी अदाकारी और डांस मूव्स से लोगों को दीवाना नहीं बनातीं, बल्कि असल जिंदगी में वह एक डॉक्टर भी हैं। वह मेडिकल की पढ़ाई पूरी कर चुकी हैं और अब उच्च शिक्षा की तैयारी में जुटी हैं। डॉक्टर से ग्लैमर वर्ल्ड की टॉप अभिनेत्रियों की कतार में शामिल होने वाली इस हसीना ने साउथ सुपरस्टार अल्लू अर्जुन की फिल्म पुष्पा 2 में धमाकेदार आइटम सॉन्ग ‘किसक’ किया था और यहीं से वो अल्लू अर्जुन की हीरोइन कहलाने लगीं। ऐसे में जब एक होनहार क्रिकेटर और एक बेहद पढ़ी-लिखी ग्लैमरस डॉक्टर-एक्ट्रेस के अफेयर की बात सामने आई तो हर कोई इस खबर की सच्चाई जानने के लिए उत्सुक हो गया।
अफवाहों पर श्रीलीला की मां और टीम का करारा जवाब
इन चर्चाओं के तेजी से फैलने के बाद अब अभिनेत्री की पीआर टीम और उनकी मां डॉ स्वर्णलता ने इन खबरों पर कड़ी आपत्ति जताई है और तिलक वर्मा के साथ नाम जुड़ने पर अपना रुख साफ किया है। श्रीलीला की पीआर टीम ने मीडिया पोर्टल पिंकविला से बातचीत में इन अफवाहों का सिरे से खंडन करते हुए कहा कि दोनों कलाकार आज तक कभी एक-दूसरे से मिले भी नहीं हैं। टीम ने अपने आधिकारिक बयान में कहा, ‘तिलक वर्मा और श्रीलीला को लेकर उड़ रही अफवाहें पूरी तरह से निराधार और झूठी हैं। इन दोनों ने आज तक न तो कभी मुलाकात की है और न ही कभी आपस में बात की है। इस तरह की मनगढ़ंत कहानियों में कोई सच्चाई नहीं है और बिना किसी तथ्य के ऐसी खबरों को बढ़ावा नहीं दिया जाना चाहिए।’ इसके साथ ही खुद श्रीलीला की मां डॉ स्वर्णलता ने डेक्कन क्रॉनिकल से बात करते हुए इन खबरों को पूरी तरह से काल्पनिक और सच से परे बताया। उन्होंने कहा, ‘हमें खुद समझ नहीं आता कि ऐसी कहानियां कहां से और कैसे बन जाती हैं। जो लोग यह दावा कर रहे हैं कि श्रीलीला और तिलक पिछले एक साल से एक-दूसरे को देख रहे हैं, उसमें एक प्रतिशत भी सच्चाई नहीं है। यह सिर्फ किसी की कोरी कल्पना का नतीजा है।’
पढ़ाई और करियर पर है पूरा फोकस
डॉ स्वर्णलता ने अपनी बेटी की प्राथमिकताओं के बारे में बात करते हुए साफ किया कि श्रीलीला इस समय अपनी लाइफ के बेहद महत्वपूर्ण पड़ाव पर हैं। उन्होंने बताया, ‘श्रीलीला इस समय आगामी जून महीने में होने वाली नीट-पीजी (NEET-PG) परीक्षा की तैयारी में काफी व्यस्त हैं। इस वक्त उनका पूरा ध्यान सिर्फ और सिर्फ अपनी पढ़ाई और फिल्मों पर है। ऐसी व्यक्तिगत चीजों और शादी-रिश्तों के लिए उनके पास आगे अभी पांच से छह साल का लंबा समय पड़ा है। वह वर्तमान में अपनी शिक्षा और अभिनय करियर दोनों के बीच बहुत बेहतरीन तरीके से संतुलन बनाकर चल रही हैं और हम उनकी इस मेहनत का सम्मान करते हैं।’
आखिर कहां से शुरू हुआ तिलक संग नाम जुड़ने का यह पूरा विवाद?
इस पूरे गॉसिप की शुरुआत तब हुई जब डॉ स्वर्णलता को धर्मशाला में मुंबई इंडियंस और पंजाब किंग्स के बीच खेले गए आईपीएल मैच के दौरान स्टेडियम के स्टैंड्स में देखा गया था। सोशल मीडिया पर पहले तो यह एक सामान्य चर्चा थी, लेकिन धीरे-धीरे इसने एक बड़ा रूप ले लिया। इंटरनेट पर यह अफवाह उड़ने लगी कि श्रीलीला की टीम से कोई सदस्य तिलक के नाम वाली जर्सी पहनकर मैच देखने पहुंचा था। इसके अलावा प्रशंसकों ने यह भी दावा करना शुरू कर दिया कि दोनों सोशल मीडिया पर एक-दूसरे के पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते थे और अफवाहें बढ़ने के बाद दोनों ने एक-दूसरे को अनफॉलो कर दिया। इस आग में घी डालने का काम मुंबई इंडियंस के कप्तान और तिलक के साथी खिलाड़ी सूर्यकुमार यादव के एक वीडियो ने किया, जिसमें वह तिलक वर्मा की खिंचाई करते नजर आ रहे थे। होटल की लॉबी में रिकॉर्ड किए गए इस वीडियो में सूर्यकुमार को मजाकिया अंदाज में कहते सुना जा सकता है, ‘तिलक वर्मा, न? तिलक वर्मा प्यार में है।’ इस हल्के-फुल्के पल को फैंस ने सच मान लिया और इसे सीधे श्रीलीला के नाम के साथ जोड़कर देखा जाने लगा।
श्रीलीला के हालिया और आगामी प्रोजेक्ट्स
दक्षिण भारतीय फिल्मों में अपनी अदाकारी का जलवा बिखेरने के बाद श्रीलीला अब बॉलीवुड का रुख करने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। पिछले साल वह ‘रॉबिनहुड’, ‘जूनियर’ और ‘मास जत्थरा’ जैसी फिल्मों में नजर आई थीं, जबकि इस साल उनकी बड़ी फिल्म ‘उस्ताद भगत सिंह’ रिलीज हुई है। इसके साथ ही उन्होंने इस साल पोंगल के मौके पर फिल्म ‘पराशक्ति’ से तमिल सिनेमा में अपना डेब्यू किया है। वह जल्द ही अनुराग बसु के निर्देशन में बनने वाली एक हिंदी फिल्म में बॉलीवुड स्टार कार्तिक आर्यन के साथ स्क्रीन शेयर करती नजर आएंगी। इसके अलावा उनके पास धनुष के साथ भी एक बड़ी तमिल फिल्म पाइपलाइन में है।
ये भी पढ़ें: एक मात्र फिल्म जिसे इरफान खान ने किया डायरेक्ट, नवाजुद्दीन सिद्दीकी ने निभाया लीड रोल, 26 सालों से है लापता
Doonited Affiliated: Syndicate News Hunt
This report has been published as part of an auto-generated syndicated wire feed. Except for the headline, the content has not been modified or edited by Doonited






