
धुरंधर फिल्म के सुपरहिट हीरो रणवीर सिंह बीते दिनों डॉन 3 को लेकर भी खूब सुर्खियां बटोरते रहे। फरहान अख्तर के प्रोडक्शन हाउस तले बन रही डॉन 3 में रणवीर सिंह को कास्ट किया गया था। लेकिन कुछ मतभेदों के चलते उन्होंने फिल्म छोड़ दी और फरहान अख्तर ने इसको लेकर फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉइज (FWICE) में मामला उठाया। इस मामले पर सुनवाई करते हुए FWICE ने रणवीर सिंह पर बैन लगा दिया था। बैन लगाने के बाद कुछ लोगों का साथ भी रणवीर को मिला है। अब डायरेक्टर रामगोपाल वर्मा ने तो यहां तक कह दिया कि लोग रणवीर की सफलता से डरते हैं।
डायरेक्टर रामगोपाल वर्मा ने रखी अपनी बात
‘एक्स’ पर अपने विचार साझा करते हुए फिल्म रामगोपाल वर्मा ने तर्क दिया कि एफडब्ल्यूआईसीई न तो कोई अदालत है और न ही सरकार द्वारा मान्यता प्राप्त कोई संस्था है जिसे कानूनी फैसले सुनाने का अधिकार हो। उन्होंने इस संगठन को कंगारू कोर्ट बताया और सुझाव दिया कि रणवीर के खिलाफ इसका फैसला अंततः अपनी विश्वसनीयता खो देगा। वर्मा ने आगे आरोप लगाया कि यह निर्णय कुछ खास उद्देश्यों वाले व्यक्तियों से प्रभावित प्रतीत होता है। रणवीर की हालिया सफलता का जिक्र करते हुए उन्होंने लिखा, ऐसा इसलिए है क्योंकि अक्सर यह फैसला पहले से ही कुछ खास उद्देश्यों वाले लोगों के समूह द्वारा निजी तौर पर बैठक करके तय किया जाता है, जिनमें वे अभिनेता भी शामिल होते हैं जो धुरंधर में रणवीर सिंह की जबरदस्त सफलता से बुरी तरह डरे हुए हैं।
क्या धुरंधर ने बिगाड़ा है डॉन 3 का खेल?
धुरंधर के दोनों पार्ट्स की कमाई मिला दें तो आंकड़ा 3 हजार करोड़ रुपयों के पार चला जाता है। धुरंधर ने रणवीर को फलक चूमती शोहरत दिलाई है। इस किरदार के बाद रणवीर की मार्केट में भी वैल्यू बढ़ी है। साथ ही उनके किरदार की कठोरता को भी खूब सराहा गया है। ऐसे में कथित तौर पर ये भी कहा गया कि रणवीर भी डॉन 3 के किरदार की भाषा को और गहरा चाहते थे। साथ ही धुरंधर स्टाइल में ढालने का भी प्रयास कर रहे थे। इन्ही बातों को लेकर मेकर्स और रणवीर सिंह के बीच मतभेद हुए थे। इसी के बाद शूटिंग के कुछ ही हफ्ते पहले रणवीर सिंह ने कथित तौर पर फिल्म छोड़ दी। हालांकि इन खबरों में कितनी सच्चाई है इसका दावा करना बहुत मुश्किल है। असल वजह तो फरहान अख्तर और रणवीर सिंह ही बता सकते हैं।
क्या है पूरा मामला?
दरअसल पूरा मामला फरहान अख्तर के प्रोडक्शन बैनर तले बन रही फिल्म डॉन 3 का है। ये एक सुपरहिट फ्रेंचाइजी की फिल्म है और इसमें रणवीर सिंह को कास्ट किया गया था। कथित तौर पर फिल्म के शुरू होने से पहले ही रणवीर ने फिल्म छोड़ दी। इसके बाद मेकर्स ने रणवीर से 40-50 करोड़ रुपयों के नुकसान की भरपाई मांगी जो उन्हें फिल्म के प्रीप्रोडक्शन में खर्च करनी पड़ी। इस मामले की सुनवाई फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉइज में की गई जिसके बाद रणवीर सिंह पर बैन लगा दिया गया। हालांकि रणवीर को भी कई लोगों का खुला समर्थन भी मिला है।
ये भी पढ़ें-Aap Ki Adalat: राम रहीम या आशाराम बापू? किससे प्रेरित था बाबा निराला का किरदार, बॉबी देओल ने बताई सच्चाई
Doonited Affiliated: Syndicate News Hunt
This report has been published as part of an auto-generated syndicated wire feed. Except for the headline, the content has not been modified or edited by Doonited
