
बॉलीवुड अभिनेता मुजम्मिल इब्राहिम और दीपिका पादुकोण के पुराने रिश्ते को लेकर सोशल मीडिया पर एक बार फिर चर्चाएं तेज हो गई हैं। हाल ही में मुजम्मिल का एक पुराना इंटरव्यू क्लिप इंटरनेट पर जमकर वायरल हुआ, जिसके बाद कई लोगों ने इसे हाल-फिलहाल का बयान मान लिया। बात को बढ़ता देख मुजम्मिल ने सोशल मीडिया पर एक आधिकारिक बयान जारी किया है और इस पूरे मामले पर अपनी स्थिति साफ की है। बता दें, दोनों पहले रिलेशन में रहे हैं, इंडस्ट्री में जब दीपिका ने एंट्री की थी तो वो मुजम्मिल को डेट कर रही थीं, लेकिन बाद में दोनों अलग हो गए।
इंटरव्यू क्लिप पर मुजम्मिल इब्राहिम की सफाई
वायरल हो रहे वीडियो में मुजम्मिल को सिद्धार्थ कनन के साथ बातचीत में यह कहते सुना जा सकता है कि उन्होंने दीपिका पादुकोण के साथ अपना रिश्ता खत्म किया था और उन्हें इस फैसले पर कोई पछतावा नहीं है। इस क्लिप के वायरल होने के बाद जब लोगों ने इसे हालिया बयान समझा तो मुजम्मिल ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर एक नोट साझा किया। उन्होंने लिखा, ‘जिस इंटरव्यू की चर्चा हो रही है और जिसे नए दावों के रूप में गलत तरीके से पेश किया जा रहा है, वह असल में एक साल से भी पहले रिकॉर्ड किया गया था। इस समय जो क्लिप शेयर की जा रही है, वह एक बहुत लंबी बातचीत का छोटा सा हिस्सा है।’ उन्होंने आगे कहा कि किसी भी बातचीत को एडिट करने या उसके छोटे-छोटे टुकड़े अलग से देखने पर उस बातचीत का कॉन्टेक्स्ट, झिझक और वह सम्मान खो जाता है जिसके साथ उन विषयों पर बात की गई थी। बता दें, जिस इंटरव्यू की मुजम्मिल बात कर रहे हैं, उसमें उन्होंने बताया था कि दीपिका पादुकोण संग रिश्ता उन्होंने खुद खत्म किया था।
यहां देखें पोस्ट
अतीत को लेकर हमेशा रहा सम्मान
अपने बयान के दूसरे हिस्से में मुजम्मिल ने स्पष्ट किया कि उन्होंने हमेशा अपने अतीत से जुड़े लोगों के बारे में मर्यादा और सम्मान के साथ बात की है और यह सोच आज भी नहीं बदली है। उन्होंने लिखा, ‘बाकी लोगों की तरह, मैंने भी सालों तक अपने काम और अपनी जिंदगी को बेहतर बनाने पर ध्यान केंद्रित किया है और मैं यही उम्मीद करता हूं कि बातचीत का केंद्र भी वही रहे।’ अपने नोट के आखिर में उन्होंने लिखा कि वह हमेशा ईमानदारी और सम्मानपूर्वक अपनी बात रखने के पक्ष में खड़े रहते हैं।
वायरल इंटरव्यू में क्या बोले थे मुजम्मिल?
इस पुराने इंटरव्यू में मुजम्मिल ने अपने और दीपिका के शुरुआती दिनों का जिक्र करते हुए कहा था, ‘हम दोनों ने करीब दो साल तक एक-दूसरे को डेट किया। मुंबई आने के बाद वह पहली लड़की थीं जिससे मैं मिला और उनके लिए मैं पहला लड़का था। यह मेरा पहला रिलेशनशिप था और दीपिका ने ही मुझे प्रपोज किया था। हमारा ब्रेकअप इसलिए हुआ क्योंकि मैंने इस रिश्ते को खत्म करने का फैसला किया था, लेकिन मुझे इसका कोई अफसोस नहीं है। मैं कभी किसी को छोड़ने का मलाल नहीं रखता। उस वक्त मैं एक स्टार बन चुका था और वह एक मॉडल थीं, जिन्होंने एक्टिंग में कदम नहीं रखा था।’
दीपिका दूसरी बार बनने वाली हैं मां
बता दें कि दीपिका पादुकोण ने नवंबर 2018 में अभिनेता रणवीर सिंह से शादी की थी। सितंबर 2024 में इस जोड़े ने अपनी पहली बेटी का स्वागत किया और रिपोर्ट्स के मुताबिक वे जल्द ही अपने दूसरे बच्चे का स्वागत करने वाले हैं। वर्कफ्रंट की बात करें तो दीपिका पादुकोण जल्द ही अल्लू अर्जुन के साथा फिल्म ‘राका’ में नजर आएंगी। वहीं मुजम्मिल आखिरी बार ‘स्पेशल ऑप्स ‘ के हालिया सीजन में नजर आए थे।
Doonited Affiliated: Syndicate News Hunt
This report has been published as part of an auto-generated syndicated wire feed. Except for the headline, the content has not been modified or edited by Doonited
