
‘धर्म करते हैं, कर्म छूटता है, कर्म करते हैं, धर्म छूटता है… कर्तव्य तक तो बात ही नहीं पहुंचती।’ और ‘महादेव का भक्त हूं और ऊपर से पुलिसवाला, जो करना है कर लो… मैं सब देख लूंगा’। यह दोनों दमदार डायलॉग ‘कर्तव्य’ के ट्रेलर में है, जो सैफ अली खान के किरदार से जुड़ा हुआ है। यह नेटफ्लिक्स का आने वाला क्राइम ड्रामा है, जिसमें मुख्य भूमिका में सैफ अली हैं। मेकर्स ने 07 मई को इसका ट्रेलर जारी किया, जिसमें एक तनावपूर्ण दुनिया की झलक मिलती है। एक ऐसी दुनिया जहां कर्तव्य, नैतिकता और निजी नुकसान के बीच लगातार टकराव होता रहता है। पुलकित द्वारा निर्देशित और रेड चिलीज एंटरटेनमेंट के बैनर तले गौरी खान द्वारा निर्मित इस फिल्म में रासिका दुगल, संजय मिश्रा, जाकिर हुसैन, मनीष चौधरी और सौरभ द्विवेदी भी नजर आएंगे।
कर्तव्य का धांसू ट्रेलर रिलीज
‘कर्तव्य’ की कहानी पवन के इर्द-गिर्द घूमती है। इस किरदार को सैफ अली खान ने निभाया है। पवन एक पुलिस अधिकारी है, जिस पर तब भारी दबाव आ जाता है, जब वह एक पत्रकार की सुरक्षा करने में नाकाम रहता है। उस पत्रकार को पवन की निगरानी में रहते हुए ही गोली मार दी जाती है। जैसे-जैसे उसके सीनियर अधिकारी उससे जवाब-तलब करते हैं तो वह हमलावर की तलाश में लग जाता है। इस दौरान वह एक बड़ी मुसीबत में फंस जाता है। उनके भाई से जुड़े विवाद में परिवार का नाम आने के बाद उनकी निजी जिंदगी भी धीरे-धीरे बिखरने लगती है। अपने पेशेवर फर्ज और अपने सबसे करीबी लोगों की रक्षा करने के बीच फंसे पवन को ऐसे फैसले लेने पड़ते हैं, जो हैरान कर देते हैं।
कर्तव्य फिल्म की कहानी क्या है?
डायरेक्टर पुलकित ने बताया कि ‘कर्तव्य’ की कहानी ऐसे किरदारों और हालात को दिखाती है, जहां सही और गलत के बीच की रेखा साफ नहीं होती। उन्होंने कहा, ‘कर्तव्य एक ऐसी कहानी है जो ‘ग्रे’ जोन में रहती है, जहां हर फैसले की एक कीमत चुकानी पड़ती है और निश्चितता हमेशा पहुंच से बाहर रहती है। हमने एक ऐसी जमीनी और जज्बातों से भरी कहानी बनाने की कोशिश की है जो अपराध की ऊपरी परत से आगे बढ़कर, उसके मूल में छिपे इंसानी टकराव को टटोलती है। सभी कलाकारों ने अपने किरदारों में जबरदस्त गहराई लाई है, और सैफ़ ने एक बेहद उलझे हुए किरदार को जिस कमाल के संयम के साथ निभाया है, उसे देखकर दर्शक यह सोचने पर मजबूर हो जाते हैं कि जब निजी दांव लगे हों तो असल में ‘न्याय’ का मतलब क्या होता है। रेड चिलीज़ एंटरटेनमेंट और नेटफ्लिक्स के साथ मेरा यह दूसरा प्रोजक्ट है और मैं बहुत खुश हूं।’ बता दें कि ‘कर्तव्य’ 15 मई को नेटफ्लिक्स पर प्रीमियर होगा।
ये भी पढे़ं-
नोरा फतेही ने ‘सरके चुनर’ विवाद पर दी सफाई, मांगी माफी, बोलीं- किसी को आहत करना मकसद नहीं
Doonited Affiliated: Syndicate News Hunt
This report has been published as part of an auto-generated syndicated wire feed. Except for the headline, the content has not been modified or edited by Doonited






