
धुरंधर फिल्म में यालीना जमील के किरदार से खूब तारीफें बटोरने वाली नई नवेली हीरोइन सारा अर्जुन के हाथ एक और बड़ा प्रोजेक्ट लग गया है। बताया जा रहा है कि 3000 करोड़ी धुरंधर सीरीज के बाद अब सारा अर्जुन जल्द ही मधुबाला का रोल निभाते नजर आएंगी। वेराइटी इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक सारा अर्जुन को इस किरदार के लिए फाइनल कर लिया गया है। साथ ही जल्द ही इसकी शूटिंग भी शूरू हो जाएगी। खबरों के मुताबिक यह प्रोजेक्ट, जिसमें कई सालों से कई बार देरी हुई थी, अब सीधे स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म पर रिलीज होगा।
संजय लीला भंसाली बना रहे ये फिल्म
फिल्म निर्माता संजय लीला भंसाली द्वारा समर्थित इस महत्वाकांक्षी फिल्म का निर्देशन जसमीत के रीन करेंगी, जो आलिया भट्ट और शेफाली शाह अभिनीत अपनी पहली फिल्म ‘डार्लिंग्स’ के लिए जानी जाती हैं। वैरायटी इंडिया की एक रिपोर्ट के अनुसार, फिल्म का निर्माण जुलाई 2026 में शुरू होने की उम्मीद है। बजट की कमी के कारण फिल्म पहले रोक दी गई थी, लेकिन भंसाली के निर्माता बनने के बाद इसे गति मिली। सारा जिन्होंने हाल ही में रणवीर सिंह के साथ फिल्म ‘धुरंधर’ से बॉलीवुड में डेब्यू किया है, मधुबाला के शाश्वत आकर्षण और पर्दे पर उनकी उपस्थिति को जीवंत करने के लिए एक महत्वपूर्ण बदलाव से गुजरेंगी। वह इस भूमिका के लिए तैयारी शुरू कर चुकी हैं, जबकि दिलीप कुमार और किशोर कुमार की भूमिका निभाने वाले पुरुष कलाकारों के लिए कास्टिंग चल रही है।
मधुबाला की विरासत को खंगालेगी फिल्म
अभी तक बिना नाम वाली यह फिल्म भारतीय सिनेमा की महानतम अभिनेत्रियों में से एक मानी जाने वाली मधुबाला के जीवन और विरासत पर आधारित होगी। उनके शानदार करियर के साथ-साथ, यह बायोपिक उनके निजी संघर्षों, जिनमें दिलीप कुमार और उनके पति किशोर कुमार के साथ उनके रिश्ते, साथ ही 36 वर्ष की आयु में उनका असामयिक निधन शामिल है, पर भी प्रकाश डालेगी। खबरों के मुताबिक, शरवरी, कल्याणी प्रियदर्शन, साई पल्लवी और अनीट पड्डा जैसी अभिनेत्रियों से भी इस दिग्गज अभिनेत्री का किरदार निभाने के लिए संपर्क किया गया था। इन नामों की चर्चा भी खूब होती रही। लेकिन अब बताया जा रहा है कि सारा अर्जुन को इस रोल के लिए साइन कर लिया गया है। हालांकि इन खबरों की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हो पाई है और मेकर्स के बयान का इंतजार है।
ये भी पढ़ें- क्या लौटने वाला है इमरान हाशमी का पुराना दौर? 19 साल बाद रिलीज हो रहा फिल्म का सीक्वल
Doonited Affiliated: Syndicate News Hunt
This report has been published as part of an auto-generated syndicated wire feed. Except for the headline, the content has not been modified or edited by Doonited






