
विशाल ददलानी ने 2025 में सिंगर जसलीन रॉयल पर एक कमेंट किया था, जिसे लेकर वह खुद ट्रोल्स से घिर गए थे। जनवरी 2025 में कोल्डप्ले के इंडिया कॉन्सर्ट के दौरान जसलीन रॉयल की परफॉर्मेंस के बाद विशाल ददलानी ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा किया था, जिसमें उन्होंने जसलीन रॉयल पर निशाना साधते हुए उन्हें ‘बुरी सिंगर’ बताया था। अब इस पूरे विवाद के करीब डेढ़ साल बाद ‘इंडियन आइडल’ के सेट पर विशाल ददलानी ने अपनी गलती के लिए जसलीन से माफी मांगी और माना कि उनके खिलाफ की गई टिप्पणी गलत थी। दरअसल, ‘इंडियन आइडल’ पर जसलीन रॉयल बतौर गेस्ट पहुंची थीं, जहां वह बादशाह के साथ अपने नए कोलैबोरेटिव ट्रैक ‘इनाम’ की सफलता का जश्न मनाती दिखीं। इसी दौरान विशाल ददलानी ने सिंगर से खुलेआम माफी मांगने का फैसला किया।
जसलीन रॉयल के मैनेजर ने शेयर किया वीडियो
जसलीन रॉयल और विशाल ददलानी के बीच की बातचीत का वीडियो सिंगर के मैनेजर ने सोशल मीडिया पर शेयर किया है, जिसमें विशाल, जसलीन से कहते हैं- ‘मैं जसलीन को लंबे समय से जानता हूं और पिछले साल हमारी एक कॉन्ट्रोवर्सी हो गई थी। एक मसले पर मैंने उस समय कुछ ज्यादा बोल दिया था। मैंने तब कुछ ऐसा बोल दिया, जो मुझे नहीं बोलना चाहिए था क्योंकि मैं सच में जसलीन के कंपोजिशन की तारीफ करता हूं। एक कंपोजर के तौर पर, हमारे पास ज्यादा फीमेल कंपोजर नहीं हैं। मुझसे ये गलती हो गई कि मैं ऑर्गनाइजर्स को दोष दे रहा था और मैंने अपनी बात गलत तरीके से कह दी। इसलिए मैं आपसे पब्लिकली माफी मांगना चाहता हूं। ये होना ही चाहिए। हमारे पास यहां फीमेल कंपोजर्स नहीं हैं और मैं अच्छा काम करने वाले को हतोत्साहित करने वाला आखिरी व्यक्ति होऊंगा। आपका तिरस्कार करना मेरा इरादा नहीं था, मैं सचमुच आपसे माफी मांगना चाहता हूं।’
इमोशनल हुईं जसलीन
विशाल ददलानी की बात सुनकर जसलीन भी इमोशनल हो गईं और उन्होंने विशाल ददलानी की माफी स्वीकार कर ली। इस दौरान जसलीन ने कहा कि वह हमेशा से ददलानी को अपना मेंटर मानती रही हैं और इसीलिए हर छोटी-बड़ी बातों के लिए उन्हें फोन करती रही हैं। इसलिए उनसे अपने लिए ऐसी बातें सुनना अच्छा नहीं लगा। जसलीन ने कहा- ‘मैं आपको अपना मेंटर मानती हूं और एक दोस्त के तौर पर देखती हूं। इसलिए मुझे बुरा लगा। लेकिन, कोई बात नहीं, हम सबकी अपनी-अपनी जर्नी होती है।’
क्या था मामला?
दरअसल, मामला 2025 का है। जनवरी 2025 में भारत में कोल्डप्ले के कॉन्सर्ट ओपनिंग में जसलीन ने परफॉर्म किया था, जिसे लेकर विशाल ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक पोस्ट साझा किया था, जिसमें उन्होंने जसलीन रॉयल को ‘बुरी सिंगर’ बताते हुए उन पर निशाना साधा और अपने पोस्ट में लिखा- ‘मुझे अफसोस है, लेकिन जब आप किसी ऐसे सिंगर कोबड़े स्टेज पर बड़ी भीड़ के सामने खड़ा कर देते हैं ‘जो काम चलाऊ या खराब गाता है’, तो आप असल में ज्यादा से ज्यादा लोगों को यह दिखाने की कोशिश कर रहे होते हैं कि वह व्यक्ति असल में गा नहीं सकता। और दुख की बात तो ये है कि भारत में ऐसे म्यूजिक लेबल नहीं हैं जो सच में बेहतरीन टैलेंट को प्रमोट करें। मैंने अभी कुछ क्लिप्स देखे, और बाप रे… कितनी शर्मनाक बात है! देश, आर्टिस्ट, जनता और म्यूजिक इंडस्ट्री, सबके लिए ये बेहद शर्मनाक है।’
ये भी पढ़ेंः 74 कोड़े और देश छोड़ने की मनाही, मुश्किल में ईरानी सिंगर परस्तू अहमदी, स्लीवलेस ड्रेस पहनने पर हुआ बवाल
Doonited Affiliated: Syndicate News Hunt
This report has been published as part of an auto-generated syndicated wire feed. Except for the headline, the content has not been modified or edited by Doonited
