
सोमवार शाम को राष्ट्रपति भवन में आयोजित एक आधिकारिक राजकीय डिनर के दौरान राजनीति और मनोरंजन जगत का एक अनूठा संगम देखने को मिला। तिरुवनंतपुरम से कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने इस भव्य आयोजन की कुछ बेहद खास तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा कीं, जहां उन्होंने साउथ इंडियन एक्ट्रेस प्रियंका मोहन और मशहूर के-पॉप गायक ऑरा से मुलाकात की। थरूर ने इस अनुभव को बेहद सुखद बताते हुए एक प्यारा संदेश भी लिखा। अब ये तस्वीरें वायरल हैं और लोग शशि थरूर संग दिखीं एक्ट्रेस के बारे में जानने के लिए उत्सुक हैं।
कूटनीति के बीच फिल्मी सितारों का तड़का
दरअसल शशि थरूर राष्ट्रपति भवन में दक्षिण कोरियाई राष्ट्रपति ली जे-म्युंग के सम्मान में आयोजित भोज में आमंत्रित थे। इस कार्यक्रम के दौरान उन्होंने कोरिया के विदेश मंत्री और अपने पुराने मित्र चो ह्यून सहित कई वरिष्ठ अधिकारियों से मुलाकात की। थरूर ने इस ऐतिहासिक अवसर को राजनय और मित्रता का मिलन करार दिया, जिसमें परोसे गए राजस्थानी शाकाहारी व्यंजनों की भी उन्होंने जमकर प्रशंसा की। सांसद ने अपने एक्स हैंडल पर बताया कि विदेश मंत्री डॉ एस जयशंकर और मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत के साथ लंबी बातचीत के बाद वापसी के दौरान उनकी मुलाकात दो अप्रत्याशित हस्तियों से हुई। कोरियाई संदर्भ को देखते हुए उन्होंने फिल्म ‘मेड इन कोरिया’ की अभिनेत्री प्रियंका मोहन और अब भारत को अपना घर बना चुके के-पॉप स्टार ऑरा से मिलकर अपनी खुशी जाहिर की।
यहां देखें पोस्ट
थरूर बने प्रियंका के फोटोग्राफर
तस्वीरों में प्रियंका मोहन और थरूर को एक साथ सेल्फी लेते और बातचीत करते देखा जा सकता है। सबसे दिलचस्प बात यह रही कि प्रियंका की एक खूबसूरत फोटो खुद शशि थरूर ने क्लिक की। प्रियंका ने इस पल को अपनी इंस्टाग्राम स्टोरीज पर साझा करते हुए थरूर का आभार व्यक्त किया। उन्होंने लिखा कि थरूर से मिलना उनके लिए सम्मान की बात थी और उन्होंने न केवल बातचीत का आनंद लिया, बल्कि उनके द्वारा खींची गई तस्वीर के लिए वह विशेष रूप से आभारी हैं।
प्रियंका मोहन की इंस्टाग्राम स्टोरी।
कौन हैं प्रियंका मोहन?
प्रियंका अरुल मोहन, जिन्हें मुख्य रूप से प्रियंका मोहन के नाम से जाना जाता है, भारतीय सिनेमा की एक उभरती हुई लोकप्रिय अभिनेत्री हैं। उनका जन्म 1994 में चेन्नई में हुआ था और उन्होंने कन्नड़, तमिल और तेलुगु फिल्मों में अपनी एक खास पहचान बनाई है। प्रियंका ने अपने अभिनय सफर की शुरुआत साल 2019 में कन्नड़ फिल्म ‘ओंद कथे हेल्ला’ से की थी। हालांकि, उन्हें बड़ी पहचान उसी साल आई उनकी पहली तेलुगु फिल्म ‘गैंग लीडर’ से मिली, जिसमें उन्होंने नानी के साथ मुख्य भूमिका निभाई थी। उनकी सादगी और स्क्रीन प्रेजेंस को दर्शकों ने काफी सराहा।
तमिल सिनेमा में सफलता
तमिल फिल्म इंडस्ट्री में उनकी शुरुआत बेहद धमाकेदार रही। उन्होंने शिवकार्तिकेयन के साथ फिल्म ‘डॉक्टर’ (2021) से डेब्यू किया, जो एक बड़ी ब्लॉकबस्टर साबित हुई। इसके बाद उन्होंने ‘डॉन’, ‘एथर्क्कुम थुनिंधवन’ और हाल ही में धनुष के साथ फिल्म ‘कैप्टन मिलर’ में काम कर अपनी वर्सेटिलिटी साबित की है। प्रियंका आज दक्षिण भारतीय सिनेमा के सबसे चर्चित चेहरों में से एक हैं और भविष्य में कई बड़े प्रोजेक्ट्स का हिस्सा बनने वाली हैं। प्रियंका मोहन हाल ही में नेटफ्लिक्स की फिल्म ‘मेड इन कोरिया’ में नजर आई थीं, जिसकी कहानी तमिलनाडु की एक लड़की के दक्षिण कोरिया जाने के सपने पर आधारित है। साल 2025 में उन्होंने पवन कल्याण के साथ तेलुगु फिल्म ‘दे कॉल हिम ओजी’ (OG) में काम किया, जिसने काफी सुर्खियां बटोरीं।
ये भी पढ़ें: 12 साल बाद फिर जोड़ा गया नाम तो गुस्से से तमतमाई विराट कोहली की Ex गर्लफ्रेंड, बोलीं- बाज क्यों नहीं आते
Doonited Affiliated: Syndicate News Hunt
This report has been published as part of an auto-generated syndicated wire feed. Except for the headline, the content has not been modified or edited by Doonited






