
मंदिरा बेदी हिंदी सिनेमा का एक जाना-माना नाम हैं। वह एक एक्ट्रेस होने के साथ-साथ एक टीवी प्रेजेंटर, मॉडल, फैशन डिजाइनर और फिटनेस इंफ्लूएंसर भी हैं। वह इतनी फिट हैं कि उन्हें देखकर उनकी उम्र का अंदाजा लगा पाना मुश्किल है। मंदिरा बेदी का जन्म 15 अप्रैल 1972 में कोलकाता में हुआ था। आज मंदिरा बेदी का जन्मदिन है। अभिनेत्री आज अपना 54वां जन्मदिन मना रही हैं, लेकिन वह इतनी फिट हैं कि उन्हें देखकर शायद ही कोई उनकी उम्र का अंदाजा लगा सके। वह टीवी से लेकर क्रिकेट ग्राउंड तक में अपने नाम के झंडे गाड़ चुकी हैं। आज मंदिरा बेदी का जन्मदिन है, इस खास मौके पर आपको उनकी जिंदगी से जुड़े कुछ दिलचस्प किस्से बताते हैं और साथ ही उस वजह के बारे में भी बताते हैं, जिसके चलते वह अपने पति राज कौशल की डेथ एनिवर्सरी नहीं मनातीं।
मंदिरा बेदी का जन्म
मंदिरा बेदी का जन्म 15 अप्रैल 1972 को कोलकाता में हुआ था। मंदिरा ने अपने करियर की शुरुआत टीवी से की थी और ‘शांति’ ने उन्हें घर-घर में पहचान दिलाई। इस सीरियल में वह लीड रोल में दिखाई दी थीं। ‘शांति’ में उन्होंने एक ऐसी लड़की का रोल निभाया था, जो अपने हक की लड़ाई लड़ती है और इस शो की पॉपुलैरिटी का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि एक समय पर उन्हें सब शांति नाम से ही जानते थे। इसके बाद वह ‘औरत’, ‘क्योंकि सास भी कभी बहू थी’ जैसे सीरिल्स में भी नजर आईं।
आईपीएल कवरेज कर चुकी हैं मंदिरा बेदी
मंदिरा बेदी टीवी और फिल्मों में काम करने के साथ-साथ बतौर एंकर आईपीएल सीजन 3 का कवरेज भी कर चुकी हैं। इस दौरान साड़ी पहनकर वह खूब पॉपुलर हुई थीं। मंदिरा सोशल मीडिया पर भी काफी एक्टिव रहती हैं। इंस्टाग्राम पर उन्हें 2.1 मिलियन से अधिक लोग फॉलो करते हैं। मंदिरा विज्ञापनों से भी लाखों में कमाई करती हैं। मंदिरा ने शाहरुख खान और काजोल स्टारर ब्लॉकबस्टर ‘दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे’ में भी काम किया था, जिसमें उन्होंने शाहरुख की वन साइडर लवर की भूमिका निभाई थी। इस किरदार में लोगों ने उन्हें खूब पसंद किया था।
नहीं मनातीं पति की पुण्यतिथि
मंदिरा बेदी ने 1999 में राज कौशल से शादी की थी, जिनकी 2021 में हार्ट अटैक के चलते मृत्यु हो गई। मंदिरा आज भी इस गम से बाहर नहीं आ सकी हैं। उन्होंने एक इंटरव्यू के दौरान खुलासा किया था कि वह अपने पति की पुण्यतिथि नहीं मनातीं। उन्होंने इसके पीछे की वजह का भी खुलासा किया था। यूट्यूब चैनल ‘द फुल सर्कल’ के साथ बातचीत में मंदिरा ने बताया था कि, राज के जाने के बाद उनके लिए पहला साल बहुत मुश्किल से गुजरा। उनके लिए सारे त्योहार अधूरे थे। मंदिरा ने कहा- ‘बर्थडे से लेकर दिवाली तक, राज के बिना कुछ भी सेलिब्रेट करना बहुत बड़ी चुनौती है। वो यादें, जब मैं अकेले कमरे में बैठकर घंटों रोती रहती थी, अब भी मुझे वो सब झकझोर कर ररख देता है। मैंने उनकी पहली पुण्यतिथि में सारी रस्में निभाईं, लेकिन अब मैं पुण्यतिथि पर कुछ नहीं करती। इसकी जगह मैं राज के बर्थडे को खास अंदाज में मनाती हूं। मेरे लिए उस मनहूस दिन को याद करना और मनाना एक कड़वी याद है। हम उस दिन को क्यों मनाएं, जो दर्द देता है?’
बेटे को दी है दुख जाहिर करने की आजादी
इसी दौरान मंदिरा ने ये भी बताया कि उन्होंने अपने बेटे वीर को अपने हर गम, हर भावना को खुलकर जाहिर करने की आजादी दी है। वह वीर को कभी रोने से नहीं रोकतीं। वहीं बेटी तारा के बारे में बात करते हुए मंदिरा ने कहा- ‘जब राज का निधन हुआ, वह छोटी थी, इसलिए उन्हें अच्छे से नहीं जान पाई।’ बता दें, राज कौशल से शादी के 12 साल बाद 2011 में मंदिरा ने बेटे वीर को जन्म दिया था और 2020 में एक बेटी को गोद लिया, जिसका नाम उन्होंने तारा रखा है।
ये भी पढ़ेंः विद्या बालन से खौफ खाता था नीली आंखों वाला स्टारकिड, 19 साल बाद सुपरस्टार पापा ने खोला राज, बताई डर की वजह
तेजस्वी प्रकाश-करण कुंद्रा ने गुपचुप रचा ली शादी? अफवाहों पर एक्ट्रेस ने तोड़ी चुप्पी, बताया पूरा सच
Doonited Affiliated: Syndicate News Hunt
This report has been published as part of an auto-generated syndicated wire feed. Except for the headline, the content has not been modified or edited by Doonited






