
नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही ‘रामायण’ इस साल की सबसे चर्चित फिल्मों में से एक है। इस फिल्म के चर्चा में होने की कई वजहें हैं। फिल्म की स्टारकास्ट से लेकर बजट तक के चलते ‘रामायण’ को लेकर बज बना हुआ है। इस फिल्म के दो भाग आने वाले हैं, जिन पर मेकर्स ने 4000 करोड़ की भारी-भरकम रकम खर्च की है। इस हिसाब से ये भारत की सबसे महंगी फिल्म है। मेकर्स ने कुछ दिन पहले ही फिल्म की पहली झलक जारी की गई थी। फिल्म का निर्माण भव्य पैमाने पर हो रहा है। रणबीर कपूर राम और साई पल्लवी सीता के किरदार में नजर आएंगे। रणबीर और साई के अलावा ‘रामायण’ में कन्नड़ अभिनेता यश भी हैं, जो लंकापति रावण के किरदार में दिखाई देंगे। ‘रामायण’ के साथ यश 4 साल बाद बड़े पर्दे पर वापसी कर रहे हैं। उन्हें आखिरी बार 2022 में रिलीज हुई ‘केजीएफः चैप्टर 2’ में देखा गया था, जिसके साथ उन्होंने पैन इंडिया स्टार के रूप में अपनी पहचान बनाई थी।
2022 में दी 1200 करोड़ी फिल्म
यश उन स्टार्स में से हैं, जिनकी फिल्मों का दर्शकों को बेसब्री से इंतजार होता है। 14 अप्रैल, 2022 को रिलीज हुई ‘KGF: चैप्टर 2’ ने तो जैसे बॉक्स ऑफिस पर गदर ही मचा दिया था। इस फिल्म ने पूरे भारतीय फिल्म उद्योग में तहलका मचा दिया। प्रशांत नील द्वारा निर्देशित, इस कन्नड़ फिल्म में यश ने रॉकी भाई का दमदार किरदार निभाया था और संजय दत्त का खूंखार अवतार और शानदार एक्शन सीक्वेंस देखने को मिले। फिल्म को तेलुगु, तमिल, मलयालम और हिंदी में डब किया गया, जिससे यह पैन इंडिया ब्लॉकबस्टर बन गई। फिल्म की अवधि 2 घंटे 46 मिनट है और इसने बॉक्स ऑफिस पर दुनियाभर में 1200 करोड़ से ज्यादा की कमाई की थी।
‘केजीएफः चैप्टर 2’ की चुनौतियां
‘KGF: चैप्टर 2’ की बात करें तो इसे कई चुनौतियों का सामना करना पड़ा था। पहले इसे दशहरा 2020 पर रिलीज करने की योजना थी, लेकिन कोरोना के चलते लगातार रिलीज पोस्टपोन होती गई और आखिरकार यह फिल्म 14 अप्रैल, 2022 को रिलीज हो सकी। लेकिन, देरी के बाद भी इसे दर्शकों से जबरदस्त रिस्पॉन्स मिला। और ये सब हुआ फिल्म के पहले भाग ‘केजीएफः चैप्टर 1’ (2018) की वजह से, जिसे दर्शकों ने खूब पसंद किया और फिर बेसब्री से फिल्म के दूसरे भाग का इंतजार करने लगे। फिल्म की शूटिंग के दौरान, कर्नाटक तंबाकू विरोधी प्रकोष्ठ ने यश, निर्माता विजय किरागंदूर और प्रशांत नील को नोटिस जारी किया, क्योंकि यश के धूम्रपान वाले सीनों के दौरान धूम्रपान विरोधी चेतावनी प्रदर्शित नहीं की गई थी।
बॉक्स ऑफिस पर धूम
अपने पहले दिन, KGF: चैप्टर 2 ने भारत में 134 करोड़ रुपये से अधिक की कमाई की। फिल्म के अकेले हिंदी वर्जन ने ही 53-54 करोड़ रुपये कमाकर रिकॉर्ड बनाया। केवल दो दिनों में, इसने चैप्टर 1 की लाइफटाइम कलेक्शन को पार कर लिया। वैश्विक स्तर पर, इसने 1,200-1,250 करोड़ रुपये के क्लब में प्रवेश किया और अब तक की तीसरी सबसे अधिक कमाई करने वाली भारतीय फिल्म बन गई। यह आईमैक्स में रिलीज होने वाली पहली कन्नड़ फिल्म भी थी।
रामायण के पहले भाग में रणबीर के साथ नहीं कोई सीन
नितेश तिवारी की ‘रामायण’ में यश रावण की भूमिका में हैं, लेकिन उनका फिल्म के पहले भाग में रणबीर कपूर के साथ कोई सीन नहीं है और इसकी पुष्टि खुद यश ने की है। यश ने सिनेमाकॉन 2026 के दौरान अंतरराष्ट्रीय मीडिया से बातचीत करते हुए यश ने बताया कि ‘रामायण’ के पहले भाग में वे रणबीर कपूर के साथ स्क्रीन साझा नहीं करेंगे। यश ने कहा, ‘दिलचस्प बात यह है कि इस फिल्म के पहले हिस्से में हम दोनों के साथ में सीन नहीं हैं। जैसा कि सब जानते हैं, यह फिल्म दो भागों में बन रही है। पहले भाग में रावण के रूप में मेरा अपना साम्राज्य (लंका) है और राम का अपना साम्राज्य है।’
ये भी पढ़ेंः Toaster Movie Review: नया आइडिया, हल्कि कॉमेडी और अजीब सस्पेंस, कैसी है राजकुमार और सान्या की ‘टोस्टर’?
Doonited Affiliated: Syndicate News Hunt
This report has been published as part of an auto-generated syndicated wire feed. Except for the headline, the content has not been modified or edited by Doonited






