
राम चरण की अपकमिंग फिल्म ‘पेड्डी’ को लेकर दर्शकों में जबरदस्त उत्साह बना हुआ है। राम चरण के फैंस लंबे समय से इस फिल्म की रिलीज का इंतजार कर रहे हैं। फिल्म के गाने ‘चिकरी चिकरी’ की रिलीज के साथ ही सुपरस्टार के फैंस का उत्साह बढ़ता जा रहा है। लेकिन, अब फिल्म निर्माताओं ने एक पोस्ट साझा करते हुए राम चरण के फैंस को मायूस कर दिया है। मेकर्स के इस पोस्ट के अनुसार, दर्शकों को अभी ‘पेड्डी’ देखने के लिए और इंतजार करना होगा। सब कुछ सही ढंग से हो, यह सुनिश्चित करने के लिए फिल्म के निर्माताओं ने एक कदम पीछे हटने का फैसला किया है। फिल्म को अंतिम रूप देने के लिए तकनीशियनों और पोस्ट-प्रोडक्शन टीम को अधिक समय देने के लिए, रिलीज की तारीख आगे बढ़ा दी गई है।
राम चरण की फिल्म ‘पेड्डी’ की रिलीज हुई पोस्टपोन
एक तरफ जहां राम चरण के फैंस में ‘पेड्डी’ को लेकर उत्साह लगातार बढ़ता जा रहा है, तो दूसरी तरफ मेकर्स ने इसकी रिलीज डेट आगे बढ़ाने का ऐलान कर दिया है। निर्माताओं के अनुसार, ‘पेड्डी’ का थोड़ा काम अभी बाकी है। टीम इस अतिरिक्त समय का उपयोग फिल्म को और बेहतर बनाने और दर्शकों को बेहतरीन थिएटर अनुभव प्रदान करने के लिए कर रही है। इसी वजह से रिलीज की तारीख आगे बढ़ा दी गई है, मगर नई रिलीज डेट का ऐलान नहीं किया गया है।
पेड्डी के मेकर्स का पोस्ट
टीम ने सोशल मीडिया पर अपडेट साझा करते हुए लिखा: “सबसे पहले, हमारे गानों और झलकियों को मिली शानदार प्रतिक्रिया के लिए आप सभी का धन्यवाद। पेड्डी के प्रति आपका प्यार और उत्साह देखकर हम सचमुच बहुत खुश हैं। फिल्म का टॉकी पार्ट पूरा हो चुका है, बस एक गाने की शूटिंग बाकी है। हमने फिल्म की एडिटिंग देख ली है और हम इसके परिणाम से बेहद संतुष्ट हैं। हमारे पास इतनी बेहतरीन सामग्री है, और हम इसे सर्वोत्तम तरीके से प्रस्तुत करना चाहते हैं। इसके लिए, हमें लगता है कि हमारे तकनीशियनों और पोस्ट-प्रोडक्शन टीम को थोड़ा और समय देना महत्वपूर्ण है ताकि वे अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कर सकें। आपको बेहतरीन थिएटर अनुभव देना हमारा कर्तव्य है। इसलिए, हमने फिल्म की रिलीज को जून तक टालने का फैसला किया है। सटीक तारीख की घोषणा जल्द ही की जाएगी। आपके निरंतर समर्थन और धैर्य के लिए धन्यवाद। यह हमारे लिए बहुत मायने रखता है। टीम पेड्डी।”
पेड्डी की कास्ट
राम चरण अभिनीत पेड्डी 2026 की सबसे बहुप्रतीक्षित फिल्मों में से एक है। जब से इस फिल्म का ऐलान हुआ है, इस प्रोजेक्ट ने प्रशंसकों और फिल्म जगत में जबरदस्त चर्चा बटोरी है। हाल ही में रिलीज हुए ‘पेड्डी पहलवान’ की झलक ने दर्शकों को राम चरण के एक नए अवतार की झलक दिखाई। पेड्डी के गाने, ‘चिकिरी चिकिरी’ और ‘राय राय रा रा’ के साथ दर्शकों ने इसके पोस्टरों को भी खूब सराहा। बुची बाबू सना द्वारा लिखित और निर्देशित ‘पेड्डी’ में राम चरण मुख्य भूमिका में हैं, उनके साथ शिव राजकुमार, जाह्नवी कपूर, दिव्येंदु शर्मा और जगपति बाबू भी हैं।
Doonited Affiliated: Syndicate News Hunt
This report has been published as part of an auto-generated syndicated wire feed. Except for the headline, the content has not been modified or edited by Doonited






